“सही पोषण से देश रोशन” के नारों के साथ पोषण जागरुकता रथ रवाना
जिले में कुपोषण के खिलाफ जागरुकता फैलाने के लिए उपायुक्त ऋतुराज ने पोषण रथ को रवाना किया। हस्ताक्षर अभियान और पोषण शपथ कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को सही पोषण के प्रति जागरूक किया गया। यह अभियान संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली पर जोर देगा, जिससे सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन लाया जा सकेगा।

कोडरमा, वरीय संवाददाता। जिले में कुपोषण के खिलाफ व्यापक जन-जागरुकता फैलाने के उद्देश्य से सोमवार को उपायुक्त ऋतुराज द्वारा पोषण रथ को रवाना किया गया। इस अवसर पर हस्ताक्षर अभियान एवं पोषण शपथ कार्यक्रम का आयोजन कर लोगों को सही पोषण के प्रति जागरूक किया गया। पोषण रथ जिले के सभी प्रखंडों में भ्रमण कर आमजन को संतुलित आहार, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करेगा। “सही पोषण से देश रोशन” के सशक्त संदेश के साथ यह अभियान गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचेगा, जिससे लोगों में पोषण के प्रति सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन लाया जा सके। उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि पोषण अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक सही पोषण की जानकारी पहुँचाना और कुपोषण को जड़ से समाप्त करना है।
उन्होंने बताया कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए संतुलित आहार एवं जागरुकता अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के अभियानों से समाज के हर वर्ग को लाभ मिलेगा और एक स्वस्थ एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. रेखा रानी, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी नरेंद्र सिंह, पोषण अभियान के समन्वयक पप्पू कुमार यादव, सिद्धार्थ पाठक, संदीप कुमार सहित सभी महिला पर्यवेक्षिका एवं आंगनबाड़ी सेविकाएं उपस्थित रहीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन