राजस्थान से झारखंड के बीच नई साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन शुरू, पांच राज्यों से गुजरेगी
पश्चिम-मध्य रेलवे ने गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए राजस्थान से झारखंड के बीच नई साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन शुरू की है। यह ट्रेन 16 अप्रैल से 9 जुलाई 2026 तक प्रत्येक गुरुवार रात चलाएगी और कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। सभी श्रेणी के यात्रियों के लिए कोच उपलब्ध रहेंगे।

कोडरमा, हमारे प्रतिनिधि। गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम-मध्य रेलवे ने राजस्थान से झारखंड के बीच नई साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। सोगरिया (कोटा)-धनबाद-सोगरिया (कोटा) के बीच चलने वाली ट्रेन का परिचालन शुरू हो चुका है। यह ट्रेन पांच राज्यों के 23 स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। रेलवे के अनुसार, सोगरिया (कोटा)-धनबाद साप्ताहिक समर स्पेशल 16 अप्रैल से 9 जुलाई 2026 तक प्रत्येक गुरुवार रात 11:10 बजे सोगरिया से रवाना होगी। यह ट्रेन शनिवार तड़के 3:45 बजे धनबाद जंक्शन पहुंचेगी। रास्ते में यह ट्रेन बारां, गुना, सागर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, कोडरमा, पारसनाथ और गोमो सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।वहीं,
वापसी में धनबाद-सोगरिया (कोटा) साप्ताहिक समर स्पेशल 18 अप्रैल से 11 जुलाई 2026 तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन सुबह धनबाद से रवाना होकर कोडरमा सुबह 6:45 बजे पहुंचेगी और रविवार सुबह 7:35 बजे सोगरिया (कोटा) पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में यह ट्रेन कुल 13-13 फेरे लगाएगी। ट्रेन में वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे, जिससे सभी वर्ग के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस ट्रेन में यात्रा के लिए किसी भी कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्र या आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से अग्रिम आरक्षण कराएं। नई स्पेशल ट्रेन के परिचालन से खासकर झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन