कोडरमा में आज से लू जैसे हालात के आसार, सड़कों पर सन्नाटा
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले 3 से 4 दिनों में कोडरमा के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है। मौसम विभ

कोडरमा, वरीय संवाददाता। कोडरमा में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। कोडरमा जिला भी जल्द ही भीषण गर्मी की चपेट में आने को तैयार है। आने वाले दिनों में कोडरमावासियों को चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले 3 से 4 दिनों में कोडरमा के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, कोडरमा जिले में रातें भी धीरे-धीरे गर्म होने लगी हैं। सबसे चिंताजनक पूर्वानुमान 19 अप्रैल के बाद के लिए है। दो दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर जाने की आशंका है।
यह तापमान सामान्य से लगभग दो से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की उम्मीद है, जिसका सीधा मतलब है कि जिले में लू जैसे हालात बन सकते हैं।मौसम विभाग के अनुसार, बीते दो दिनों से ही ऐसा मौसम दिखने लगा है, जिसमें 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर चुकी हैं। आने वाले दिनों में हवा की यह रफ्तार झोंकों के साथ 44 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है, जिससे दोपहर के समय घर से निकलना और भी चुनौतीपूर्ण हो जाएगा।सतर्कता की दी गयी है खास हिदायत: भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। हिदायत देते हुए कहा गया है कि दोपहर के 12 से शाम के 4 बजे के बीच जब धूप सबसे तीखी होती है, बाहर निकलने से बचें। शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें। ओआरएस, नींबू पानी और मौसमी फलों का सेवन करें। तेज हवा और गर्मी को देखते हुए किसान फसलों की सिंचाई के समय का उचित चयन करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन