झारखंड राज्यसभा चुनाव: जीत के लिए NDA को चाहिए 4 वोट, कांग्रेस आलाकमान का निर्देश- 'रांची में ही डटे रहें नेता'
झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर जीत के लिए राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। एक तरफ सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में एनडीए विधायकों की बैठक हुई। तो वहीं कांग्रेस आलाकमान में भी अपने विधायकों को खास निर्देश दिया है।

राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पक्ष-विपक्ष ने जीत के 28 वोटों के गणित के लिए गुणा-भाग शुरू कर दिया है। सोमवार को एनडीए विधायकों की बैठक भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई। इसमें एनडीए समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवानी भी शामिल हुए। हालांकि एनडीए के 17 विधायक बैठक में शामिल हुए। बीमार होने की वजह से लातेहार प्रकाश राम बैठक में शामिल नहीं हो पाए। वह पारस अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, पूर्व नियोजित कार्यक्रमों की वजह से भाजपा विधायक चंपाई सोरेन, आलोक चौरसिया, रागिनी सिंह, शत्रुध्न महतो, पूर्णिमा साहू, और जदयू विधायक सरयू राय अनुपस्थित रहे।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, लोजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान, छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मौजूद रहे। बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि एनडीए ने जीत की रणनीति बनायी। विधायकों की अनुपस्थिति पर कहा कि जो विधायक उपस्थित नहीं हुए, उन्होंने इसकी सूचना पहले ही दी थी। कई के पूर्व कार्यक्रम तय थे।
जीत को लेकर बनायी रणनीति
राज्यसभा की दो सीटों के लिए 18 जून को वोटिंग होनी है। वर्तमान में एनडीए के पास 24 विधायक हैं, जो जीत के लिए जरूरी विधायकों की संख्या से चार कम हैं। ऐसे में इन विधायकों की संख्या को कैसे पाटा जाए, इस रणनीति पर विधायकों ने चर्चा की। वहीं, वोटिंग की प्रक्रिया समेत अन्य पहलुओं पर चर्चा की गई, ताकि किसी भी विधायक का वोट कैंसिल न हो पाए। चुनाव के दिन विधायकों की रणनीति क्या रहेगी, इसे लेकर भी एनडीए विधायक दल की बैठक में चर्चा की गई।
जीत का है यकीन: परिमल नथवानी
भाजपा कार्यालय पहुंचे निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी ने कहा कि उन्हें जीत का पूरा यकीन है। नथवानी ने कहा कि झारखंड में दो बार बतौर राज्यसभा सांसद उन्होंने जो काम किया, उस पर उन्हें यकीन है। एनडीए समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी ने कहा कि झारखंड में सभी दलों के लोग उनके संपर्क में रहे हैं। सभी से उनके रिश्ते रहे हैं। जो उन्हें चाहेगा वो उन्हें वोट करेगा। नथवानी ने कहा कि इस बार अगर वह चुन कर आते हैं तो राज्य के ग्रामीण और पिछड़े हुए क्षेत्रों में काम करेंगे।
कांग्रेस के आला नेताओं का निर्देश- रांची में रहें विधायक
राज्यसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के घटक दलों को मजबूत करने में कांग्रेस जुट गई है। राजधानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता कैंप कर रहे हैं। पार्टी के सांसद नसीर हुसैन, पर्यवेक्षक अजय शर्मा, प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने मुख्यमंत्री से मिल विधायकों की एकजुटता की अपील की है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात के बाद कांग्रेस के आला नेता स्थानीय होटल में अपने पार्टी के मंत्री-विधायकों के साथ रणनीति बनाते रहे। विधायकों को रांची में ही रहने को कहा गया है। सभी को मंगलवार को दोपहर से पहले रांची पहुंचने का निर्देश दिया गया है। शाम में मुख्यमंत्री के साथ संयुक्त रूप से इंडिया गठबंधन विधायकों की बैठक भी तय है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा की जीत सुनिश्चित करने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने कमान संभाल ली है।
सभी घटक दलों के आला नेताओं से संपर्क कर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में वोट की अपील भी कर रही है। घटक दलों से समर्थन का भरोसा भी मिल रहा है। सूत्रों की माने तो कांग्रेस भाजपा छोड़ अन्य दलों के विधायकों से भी संपर्क कर रही है, ताकि उनका वोट मिल सके और सीधी जीत सुनिश्चित हो सके।




साइन इन