झारखंड राज्यसभा चुनाव: भाकपा माले का बड़ा ऐलान, दोनों विधायक कहां करेंगे वोट?
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) मार्क्सवादी लेनिनवादी (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने रविवार को एक बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि पार्टी के दोनों विधायक किनके पक्ष में मतदान करेंगे?

भाकपा (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने रविवार को एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्यसभा चुनाव में उनकी पार्टी के दोनों विधायक 'इंडिया' गठबंधन को वोट देंगे। भट्टाचार्य ने दावा किया कि संख्या बल की कमी के कारण भाजपा की निर्दलीय उम्मीदवार को जिताने की चाल नाकाम होगी। उन्होंने देश में लोकतंत्र पर खतरा जताते हुए भाजपा पर हमला बोला। बता दें कि राज्य की दो सीटों पर झामुमो, कांग्रेस और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी के बीच मुकाबला है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा)-मार्क्सवादी लेनिनवादी (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने रविवार को संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में राज्यसभा चुनाव में भाकपा (माले) लिबरेशन के वोट 'इंडिया' गठबंधन के उम्मीदवार के पक्ष में जायेंगे। हमारे (दोनों) विधायक पार्टी के इसी के अनुसार मतदान करेंगे। हमें उम्मीद है कि भाजपा द्वारा परिमल नथवानी को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उतारने की रणनीति विफल हो जाएगी और विधायक उनके खिलाफ मतदान करेंगे। चुनाव के लिए दो एजेंट भी नियुक्त किए गए हैं।
दीपांकर भट्टाचार्य ने आगे कहा कि जब तक कि मतदान के दौरान विपक्षी विधायकों द्वारा क्रॉस-वोटिंग ना हो तब तक भाजपा नीत राजग के पास राज्य विधानसभा में नथवानी को चुनाव जिताने लायक संख्या बल नहीं है। देश में लोकतंत्र खतरे में है। चुनाव लगातार एक मजाक बनते जा रहे हैं। यह बात मतदाता सूची तैयार करने से लेकर मतगणना और परिणाम घोषित करने तक की पूरी प्रक्रिया में दिखाई देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोलकाता की एक इमारत में रखी 4,000 से अधिक ईवीएम मशीनें रहस्यमय परिस्थितियों में आग लगने से नष्ट हो गईं।
झारखंड में चुनाव जीतने के लिए किसी उम्मीदवार को कम से कम 28 प्रथम वरीयता वोट हासिल करने जरूरी हैं। झारखंड विधानसभा में 'इंडिया' गठबंधन के कुल 56 सदस्य हैं, जिनमें झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राष्ट्रीय जनता दल के चार और भाकपा (माले) लिबरेशन के दो विधायक शामिल हैं। भाजपा की अगुवाई वाले राजग के पास 24 विधायक हैं, जिसमें भाजपा के 21, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास), 'ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन' और जदयू का एक-एक विधायक हैं। इसके अलावा झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का भी एक विधायक है।




साइन इन