झारखंड के हजारीबाग में बड़ा एनकाउंटर, 15 लाख के इनामी शहदेव महतो समेत चार नक्सली ढेर
झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। चतरा और हजारीबाग सीमा क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में चार कुख्यात नक्सली मारे गए।

झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। चतरा और हजारीबाग सीमा क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में चार कुख्यात नक्सली मारे गए। मारे गए नक्सलियों में 15 लाख रुपये का इनामी उग्रवादी शहदेव महतो और महिला नक्सली नताशा भी शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमावर्ती जंगल क्षेत्र में नक्सलियों का जमावड़ा है। इसके बाद पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने संयुक्त अभियान चलाते हुए इलाके की घेराबंदी की। इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। काफी देर तक चली मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने चार नक्सलियों को मार गिराया। घटनास्थल से हथियार, और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।
चार सुरक्षाकर्मी हुए थे घायल
इससे पहले झारखंड के पश्चिम सिंहभूम में बुधवार को मिसिर बेसरा के नेतृत्व वाले माओवादी दस्ते के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में चार सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। अधिकारी के अनुसार, मिसिर बेसरा पर 1 करोड़ रुपए का इनाम घोषित है।
अधिकारियों ने बताया कि छोटानगर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सारंडा जंगल में मुठभेड़ हुई। पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित रेणु ने कहा, अभियान में शामिल चार कोबरा जवान घायल हुए। रांची में पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) माइकल राज एस ने बताया कि सारंडा जंगल में बेसरा और उसके दस्ते की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अभियान शुरू किया। प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के वरिष्ठ पोलित ब्यूरो सदस्य बेसरा को पूर्वी क्षेत्रीय ब्यूरो का 'सर्वोच्च कमांडर' बताया जाता है।




साइन इन