3 नहीं अब 4 अप्रैल को झारखंड बंद, भाजपा ने तारीख में बदलाव की वजह बताई
Jharkhand Bandh: भाजपा ने कहा कि झारखंड बंद अब 3 नहीं 4 अप्रैल को किया जाएगा। 3 अप्रैल को मशाल जुलूस निकलेगा। भाजपा ने बंद की तारीख में बदलाव की वजह भी बताई है।

Jharkhand Bandh: अब तीन नहीं 4 अप्रैल को झारखंड बंद का कार्यक्रम तय किया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने पूर्व घोषित झारखंड बंद के कार्यक्रम की तिथि में गुड फ्राइडे त्यौहार के कारण बदलाव किया है। भाजपा ने झारखंड बंद के पीछे राज्य की खराब और लचर कानून व्यवस्था को ठहराया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि भाजपा सर्व पंथ समभाव पर चलने वाली पार्टी है। इसलिए, किसी भी धर्म-संप्रदाय के कार्यक्रम में भाजपा बाधक नहीं बनना चाहती। उन्होंने कहा कि राज्य की विधि-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। हजारीबाग जिला अंतर्गत विष्णुगढ़ प्रखंड में बेटी के साथ घटित घटना किसी भी तरह से क्षम्य नहीं है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार को चेतावनी देने के लिए भाजपा कार्यकर्ता तीन अप्रैल को मशाल जुलूस निकालकर राज्य सरकार को आईना दिखाएगी। वहीं, चार अप्रैल (शनिवार) को विधि व्यवस्था को ठीक करने के लिए विरोध दर्ज कराते हुए झारखंड को बंद कराएगी।
राज्य की कानून व्यवस्था पर भाजपा ने उठाया सवाल
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने झारखंड पुलिस के महानिदेशक को पत्र लिखकर राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई है। पार्टी प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि राज्य में बीते कुछ वर्षों में अपराध की घटनाओं में वृद्धि हुई है और त्योहारों के दौरान तनाव की स्थिति बन रही है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि होली, रामनवमी, दुर्गा पूजा, सरस्वती पूजा, छठ, दीपावली और सरहुल जैसे पर्वों के दौरान विभिन्न जिलों में झड़प, पथराव और विवाद की घटनाएं सामने आई हैं।
पत्र में गिरिडीह, हजारीबाग, मधुपुर, लोहरदगा, रांची, धनबाद और खूंटी सहित कई स्थानों की हालिया घटनाओं का उल्लेख किया गया है। खासतौर पर खूंटी जिले के मुरहू में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई पथराव की घटना को लेकर चिंता व्यक्त की गई है। कहा कि आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हो रही है।




साइन इन