जमशेदपुर में भीषण गर्मी का कहर: स्कूलों के समय में बदलाव के बावजूद नौनिहालों की मुश्किलें बरकरार
जमशेदपुर में बढ़ती गर्मी और लू के कारण निजी स्कूलों ने सोमवार से समय में बदलाव किया है। अब बच्चे सुबह 6:15 बजे स्कूल पहुंचते हैं और दोपहर 12:15 बजे छुट्टी होती है। हालांकि, गर्मी और लू के चलते बच्चों को घर लौटने में कठिनाई हो रही है। अभिभावकों का कहना है कि इससे बच्चे थकान और डिहाइड्रेशन का शिकार हो रहे हैं।

जमशेदपुर में सूरज के कड़े तेवर और बढ़ते पारे ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए शहर के तमाम निजी स्कूलों ने सोमवार से अपने समय में बदलाव लागू कर दिया है। नए शेड्यूल के अनुसार, अब छात्र-छात्राओं को सुबह 6:15 बजे ही स्कूल पहुंचना पड़ रहा है, जबकि दोपहर 12:15 बजे उनकी छुट्टी की जा रही है। हालांकि, प्रशासन और स्कूल प्रबंधन का यह कदम सुबह के समय बच्चों को राहत देने के उद्देश्य से उठाया गया है, लेकिन दोपहर की तपिश अब भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।सोमवार को सप्ताह के पहले दिन स्कूल के समय में हुए इस बदलाव का असर तो दिखा, लेकिन पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार चले जाने के कारण घर वापसी के वक्त बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दोपहर सवा बारह बजे जब छुट्टी होती है, तब सूरज अपने चरम पर होता है और गर्म हवाओं के थपेड़े मासूमों की सेहत पर भारी पड़ रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि सुबह जल्दी स्कूल जाने से नींद पूरी न होने और फिर दोपहर की चिलचिलाती धूप में सफर करने से बच्चे थकान और डिहाइड्रेशन का शिकार हो रहे हैं। फिलहाल मौसम विभाग के पूर्वानुमानों को देखते हुए निकट भविष्य में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम ही है। अब छात्र और अभिभावक दोनों की नजरें आगामी 10 मई पर टिकी हैं, जब स्कूलों में आधिकारिक रूप से गर्मी की छुट्टियां शुरू होंगी। तब तक इन नौनिहालों को आग उगलते आसमान और झुलसाने वाली गर्मी के बीच ही अपनी शिक्षा जारी रखनी होगी। शहर के चिकित्सकों ने भी इस स्थिति में बच्चों को अधिक तरल पदार्थ देने और सिर ढककर निकलने की सलाह दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन