बकरीद में प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी नहीं दी जाएगी : उलेमा
बकरीद को लेकर मानगो और आजादनगर में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें प्रशासनिक अधिकारी, धर्मगुरु और स्थानीय लोग शामिल हुए। बैठक में सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की गई। कुर्बानी के पशुओं की प्रतिबंधित न होने पर भी चर्चा की गई।

बकरीद को लेकर मानगो और आजादनगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। पर्व के दौरान शांति व्यवस्था, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। बैठक में एसडीएम अर्नव मिश्रा ने कहा कि बकरीद के दौरान सफाई पर ध्यान दिया जाएगा। लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने लोगों से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की। आजादनगर थाना प्रभारी ने कहा कि सभी मस्जिद और ईदगाहों के पास पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
सोशल मीडिया की अफवाहों पर निगरानी रखी जाएगी। किसी भी तरह की भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। मानगो नगर निगम के सहायक उपनगर आयुक्त चंदन कुमार ने कहा कि कुर्बानी के बाद निकलने वाले वेस्ट मटेरियल के निस्तारण के लिए मुर्दा मैदान में गड्ढों की व्यवस्था की जाएगी। लोगों से निर्धारित स्थान पर ही वेस्ट मटेरियल डालने की अपील की गई। बैठक में उलेमाओं और शांति समिति के सदस्यों ने कहा कि प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी नहीं दी जाएगी। बैठक में मुफ्ती निशात आलम, अब्दुल मलिक मिस्बाही, इमाम नूरानी मस्जिद रियाजुद्दीन, कारी असलम रब्बानी, इमाम आफताब कादरी, डॉ. ताहिर हुसैन, शाहिद परवेज, सोहैल अख्तर, अभिनव कुमार, राजी नौशाद, जमील असगर, राजा गोराई आदि उपस्थित थे। सभा का संचालन मुख्तार आलम खान ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एसआई मनीष कुमार राय ने दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन