बकरीद 2026: डीएम-एसपी ने दिए शांतिपूर्ण पर्व के निर्देश, ईदगाह में 7-8 बजे होगी विशेष नमाज
बकरीद 2026: डीएम-एसपी ने दिए शांतिपूर्ण पर्व के निर्देश, ईदगाह में 7-8 बजे होगी विशेष नमाज

मुंगेर निज प्रतिनिधि। आगामी 28 से 30 मई तक मनाए जाने वाले ईद-उल-अजहा (बकरीद) को शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को संग्रहालय सभागार में शांति समिति की बैठक हुई। डीएम निखिल धनराज की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधि-व्यवस्था पर बिंदुवार चर्चा की गई। डीएम ने बताया कि बकरीद के दिन आरडी एंड डीजे कॉलेज स्थित ईदगाह में सुबह 7 से 8 बजे के बीच विशेष नमाज अदा की जाएगी। वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, सीसीटीवी कैमरे, नगर निगम द्वारा सफाई और पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। अम्बे चौक से डीजे कॉलेज और पांच नंबर गुमटी तक यातायात सुदृढ़ करने का निर्देश यातायात डीएसपी को दिया गया। ------
अफवाह पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश:
डीएम ने सभी दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को पूरी सतर्कता से काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह पर बिना जांच कार्रवाई न करें, लेकिन सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों और नियंत्रण कक्ष को दें ताकि तुरंत एक्शन हो सके। कुर्बानी के बाद वेस्टेज निस्तारण के लिए बंद डब्बे के इस्तेमाल की अपील की, ताकि विवाद की स्थिति न बने।
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल :
पर्व के तीनों दिन क्यूआरटी टीम समेत पुलिस को लगातार गश्त का निर्देश दिया गया। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त बल तैनात रहेंगे। पूरे क्षेत्र में निर्बाध बिजली-पानी आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
एसपी बोले: मनचलों पर पैनी नजर रखें:
एसपी सैयद इमरान मसूद ने थानास्तर पर भी बैठक कर निर्देश देने को कहा। उन्होंने कहा कि क्यूआरटी टीम हर गली-मोहल्ले में गश्त करे और असामाजिक तत्वों, मनचलों पर पैनी नजर रखे। संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ करें। बैठक में मेयर कुमकुम देवी, एडीएम मनोज कुमार, डीडीसी अजीत कुमार सिंह, एसडीओ कुमार अभिषेक, एसडीपीओ अभिषेक आनंद समेत कई अधिकारी और शांति समिति सदस्य मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन