हिंदू झारखंड में अपनी जमीन पर मंदिर भी नहीं बना सकते...; देवघर में हुई झड़प पर निशिकांत दुबे
झारखंड के देवघर जिले में हुई झड़प में गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राज्य की झामुमो सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने लिखा- हिंदू झारखंड में अपनी जमीन पर मंदिर भी नहीं बना सकते।

झारखंड के देवघर जिले में बृहस्पतिवार को एक पुराने मंदिर के जीर्णोद्धार से जुड़े मुद्दे को लेकर दो समुदायों के बीच हुई झड़प में कम से कम सात लोग घायल हो गए। इस मामले में गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राज्य की झामुमो सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने लिखा- हिंदू झारखंड में अपनी जमीन पर मंदिर भी नहीं बना सकते।
2 समुदायों में हुई पत्थरबाजी, 7 घायल
पुलिस के मुताबिक, यह घटना मधुपुर पुलिस थाना क्षेत्र के लालगढ़ मोहल्ले में उस समय हुई, जब एक युवक की कथित तौर पर दूसरे समुदाय के लोगों के एक समूह ने पिटाई कर दी। इसके चलते दोनों समुदायों के बीच झड़प हुई और दोनों ओर से पथराव हुए, जिसमें सात लोग घायल हो गए।
झगड़े पर क्या बोली पुलिस?
मधुपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सत्येंद्र प्रसाद ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। पुलिस की टीमें इलाके में तैनात हैं।’’ उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रसाद ने बताया कि मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर बुधवार रात को तनाव उत्पन्न हो गया था।
निशिकांत दुबे ने क्या कहा?
इसी बीच, गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हिंदू झारखंड में अपने ज़मीन पर मंदिर भी नहीं बना सकते । आज मेरे लोकसभा के मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के लालगढ की घटना । मंत्री हफ़ीज़ अंसारी के भूमिका की जाँच होनी चाहिये । मुस्लिम समुदाय के लोगों ने महिलाओं और बच्चों को भी निशाना बनाया । यही कॉंग्रेस, झामुमो, राजद का असली चरित्र है।’’
भाषा के इनपुट भी शामिल हैं।




साइन इन