भीषण गर्मी और लू की चपेट में गोड्डा, 41 डिग्री तापमान से जनजीवन प्रभावित
गोड्डा में पिछले तीन दिनों से भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। झारखंड सरकार ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। बिजली की समस्या भी बढ़ रही है, जिससे लोग परेशान हैं।

गोड्डा एक प्रतिनिधि। गोड्डा समेत आसपास के इलाकों में पिछले तीन दिनों से भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। हालात ऐसे हैं कि सुबह 6 बजे के बाद ही घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। सुबह होते ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर साफ महसूस होने लगता है। सूरज निकलते ही तपिश बढ़ जाती है और बाहर निकलते ही उमस भरी गर्म हवा लोगों को परेशान करने लगती है। पंखे भी गर्म हवा देने लगे हैं, जिससे घरों के अंदर भी राहत नहीं मिल पा रही है।
सुबह 8 बजे के बाद धूप इतनी तेज हो जाती है कि सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है। लोग जरूरी काम होने पर ही बाहर निकल रहे हैं, अन्यथा घरों में ही रहने को मजबूर हैं। शाम 5 बजे के बाद धूप की तीव्रता कुछ कम जरूर होती है, लेकिन गर्मी का असर बना रहता है। ऐसे में लोग सिर और शरीर को ढककर ही बाहर निकल रहे हैं। गर्म हवाओं के कारण लोगों का गला सूख रहा है और शरीर में थकान महसूस हो रही है। लू लगने का खतरा भी काफी बढ़ गया है, खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति अधिक चिंताजनक बनी हुई है। लोग बचाव के लिए अधिक मात्रा में पानी और ठंडे पेय पदार्थों का सेवन कर रहे हैं। ------ “इस समय लू का खतरा काफी अधिक है, ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है। यदि जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें और बाहर निकलते समय शरीर को पूरी तरह ढककर रखें। सिर पर टोपी, गमछा या छाता का उपयोग करें ताकि सीधी धूप से बचाव हो सके। शरीर में पानी की कमी न होने दें, इसके लिए नियमित रूप से पानी और शीतल पेय का सेवन करते रहें। स्कूल जाने वाले बच्चों के वाटर बोतल में ओआरएस युक्त पर्याप्त पानी अवश्य रखें और स्कूल प्रबंधन को भी बच्चों के लिए ठंडे पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। लोग अधिक से अधिक तरल पदार्थ, जैसे ओआरएस का सेवन करें।“---डॉ आकाश कुमार, चिकित्सक, सदर अस्पताल गोड्डा-------“अगले तीन-चार दिनों तक गर्मी से कोई राहत मिलने की संभावना नहीं है। इस दौरान लू के साथ तेज गर्म हवाओं का प्रकोप जारी रहेगा। अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। रविवार को गोड्डा का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।“--- रजनीश प्रसाद राजेश, कृषि मौसम वैज्ञानिक, केविके, गोड्डा-----गर्मी के कारण स्कूल समय में बदलाव: झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया है। यह आदेश 21 अप्रैल(आज) से लागू होगा। इसके तहत केजी से कक्षा 8 तक की पढ़ाई सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक और कक्षा 9 से 12 तक 7:00 बजे से 12:00 बजे तक होगी। साथ ही, सरकारी स्कूलों के शिक्षक व कर्मी सुबह 7:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक विद्यालय में रहकर गैर शैक्षणिक कार्य करेंगे। बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।भीषण गर्मी में चरमराई बिजली व्यवस्था, लोग बेहाललगातार बढ़ती गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था भी जवाब देने लगी है। तेज धूप और 40 डिग्री से अधिक तापमान के कारण बिजली की मांग बढ़ गई है, जिससे आपूर्ति प्रभावित हो रही है। कई इलाकों में बार बार कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हैं। दिन में जहां पंखे और कूलर बेअसर हो रहे हैं, वहीं रात में भी बिजली कटने से लोगों की नींद हराम हो रही है। भीषण गर्मी में बिजली की अनियमित आपूर्ति से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लोगों ने विभाग से जल्द सुधार की मांग की है, ताकि इस तपती गर्मी में राहत मिल सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन