गोड्डा में गर्मी का असर, स्कूलों का समय बदला, सुबह 7 बजे से लगेंगी कक्षाएं
झारखंड सरकार ने भीषण गर्मी को देखते हुए सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के समय में बदलाव किया है। गोड्डा जिले में केजी से कक्षा 8 तक की कक्षाएं सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक और कक्षा 9 से 12 तक सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगी। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी।

गोड्डा संवाद सूत्र। झारखंड राज्यभर में भीषण गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने राज्यभर के सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के समय में बदलाव करने का आदेश जारी किया है। इस आदेश का असर गोड्डा जिले के सभी स्कूलों में भी देखने को मिलेगा, जहां अब बच्चों को सुबह जल्दी स्कूल जाना होगा। जारी निर्देश के अनुसार, गोड्डा जिले में केजी से लेकर कक्षा 8 तक की कक्षाएं अब सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक संचालित की जाएंगी। वहीं कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए स्कूल का समय सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी। स्थानीय अभिभावकों और विद्यार्थियों के बीच इस फैसले को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। जहां एक ओर लोग मानते हैं कि तेज गर्मी से बच्चों को राहत मिलेगी, वहीं सुबह जल्दी स्कूल पहुंचने को लेकर कुछ अभिभावक चिंता भी जता रहे हैं। इधर, गोड्डा के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को भी सुबह 7:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहकर अन्य शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है। यह आदेश 21 अप्रैल से प्रभावी होगा। जिला प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन से निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि बच्चों को गर्मी के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन