सौहार्द बिगाड़ने वालों की सूचना दें, कार्रवाई होगी: बीडीओ
कांडी में बकरीद त्योहार को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय ने शांति और सौहार्द की आवश्यकता पर जोर दिया। पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया और कहा कि सोशल मीडिया पर नजर रखी जाएगी। सभी समुदायों से शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की गई।

कांडी, प्रतिनिधि। थाना परिसर में शनिवार को बकरीद त्योहार को लेकर शांति समिति की बैठक की गई। बैठक प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि वर्षों से जिस प्रकार कोई भी पर्व या त्योहार शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाता रहा है, ठीक उसी प्रकार बकरीद का त्योहार भी मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई असमाजिक तत्व सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करता है तो फौरन थाना को सूचना दें ताकि ठीक समय पर उचित कार्रवाई की जा सके। साथ ही कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी नहीं होगी। वहीं थाना प्रभारी अशफाक आलम ने कहा कि पुलिस बल जगह-जगह तैनात रहेगी ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। अगर कोई अफवाह फैलाने की कोशिश करता है तो चिन्हित कर शीघ्र ही कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय ने कहा कि चाहे हिन्दू का पर्व हो या इस्लाम समुदाय का त्योहार, अब तक कोई भी अनहोनी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इस बार भी इस्लाम समुदाय के लोग शांतिपूर्ण वातावरण में अपना त्योहार मनाएं, यही अपेक्षा व उम्मीद है। मौके पर एसआई अरविंद सिंह, रोशन राम, रॉबिन उरांव, एएसआई संतोष यादव, मनोज राम, भाजपा नेता रामलला दुबे, शशि रंजन दुबे, विनोद प्रसाद, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि दिनेश कुमार, कांडी मुखिया विजय राम, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि अनूप कुमार, पतरिया पंचायत समिति सदस्य प्रिंस कुमार ठाकुर, युवा समाज सेवी बाबू खान, युसूफ खलीफा, इमामुद्दीन खान, मुर्तुजा अंसारी, रशीद अंसारी सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन