Education Department Review Meeting in Chatra Ensuring 100 Enrollment and Health Checks एक सप्ताह में विद्यालयों में रिक्त सीटों पर नामांकन पूर्ण करें : डीसी, Chatra Hindi News - Hindustan
More

एक सप्ताह में विद्यालयों में रिक्त सीटों पर नामांकन पूर्ण करें : डीसी

चतरा में उपायुक्त की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों में छात्राओं के नामांकन और स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने रिक्त सीटों पर शत-प्रतिशत नामांकन और मोबाइल संपर्क में समस्या वाले अभिभावकों की सूची उपलब्ध कराने का आदेश दिया।

Thu, 16 April 2026 05:53 PMNewswrap हिन्दुस्तान, चतरा
share
एक सप्ताह में विद्यालयों में रिक्त सीटों पर नामांकन पूर्ण करें : डीसी

चतरा, संवाददाता। समाहारणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की सभी इकाइयों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय और नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय की वार्डन-सह-शिक्षिका एवं लेखापाल-सह-कंप्यूटर ऑपरेटर को आवश्यक निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत छात्राओं का, जिला नामांकन समिति द्वारा अनुमोदित सूची के अनुरूप अभिभावकों से संपर्क स्थापित करते हुए एक सप्ताह में रिक्त सीटों पर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। जिन अभिभावकों से मोबाइल के माध्यम से संपर्क नहीं हो पा रहा है, उनकी सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि अन्य माध्यमों से संपर्क स्थापित कर नामांकन पूर्ण कराया जा सके।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नामांकन में ढिलाई नहीं चलेगी, हर 6 साल के बच्चे को स्कूल से जोड़ने की सख्ती

बैठक के दौरान प्रखंड गिद्धौर एवं मयूरहंड में ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर छात्र उपस्थिति जिले में न्यूनतम पाए जाने पर उपायुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी स्तर से मयूरहंड के विद्यालयों की समीक्षा कराने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री पोषण योजना (मध्याह्न भोजन) के अंतर्गत चतरा और हंटरगंज के ऐसे विद्यालय, जहां ई-एमआईएस और एमडीएम प्रविष्टि नियमित रूप से नहीं की जा रही है, उनकी भी अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा समीक्षा कराने का निर्देश दिया गया। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने हेतु उप विकास आयुक्त एवं आरबीएसके के साथ समन्वय स्थापित कर बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया, ताकि नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जा सके। इसके अतिरिक्त जिन छात्र-छात्राओं का आधार और जन्म प्रमाण पत्र बन चुका है उनका बैंक खाता खोलने के लिए संबंधित बैंकों में अनिवार्य रूप से आवेदन कराया जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सिन्हा, जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश कुमार मिश्र, जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी राकेश कुमार पांडेय, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी विनय कुमार सहित जिले के सभी संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।