एक कुएं में मिलीं तीन लाशें, जामताड़ा में मचा हड़कंप; मां ने क्या बताया
झारखंड के जामताड़ा में एक कुएं से 3 लाशें बरामद की गई हैं। यहां के बागडेहरी थाना क्षेत्र के मुड़ाबेड़िया गांव स्थित आश्रम मोड़ के पास कुएं से शुक्रवार की देर शाम तीनों लाशें निकाली गई हैं।

झारखंड के जामताड़ा में एक कुएं से तीन लाशें बरामद की गई हैं। यहां के बागडेहरी थाना क्षेत्र के मुड़ाबेड़िया गांव स्थित आश्रम मोड़ के पास कुएं से शुक्रवार की देर शाम तीनों लाशें निकाली गई हैं। मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के राजनगर के केराबनी गांव निवासी लक्ष्मण मुर्मू उर्फ लखाई (48 वर्ष), पुत्र सुरेश मुर्मू (9 वर्ष) और पुत्री बुनी मुर्मू (4 वर्ष) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार चरवाहों ने कुएं में शव होने की सूचना ग्रामीणों को दी थी। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया।
मां ने क्या बताया
इस घटना की जानकारी देते हुए मृत लक्ष्मण मुर्मू की मां ने बताया कि एक सप्ताह पहले लक्ष्मण बेटे और बेटी के साथ दातून लाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद से तीनों लापता थे। बताया जा रहा है कि लक्ष्मण मुर्मू की पत्नी मानसिक रूप से बीमार है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है। लक्ष्मण पांच वर्ष पहले तक कुंडहित थाना क्षेत्र के जोड़बाहिंगा गांव में रहता था। उसके पिता ने दो शादियां की थीं।
प्रतिशोध में बच्चे को घर से ले जाकर हत्या,शव कुएं में फेंका
गुमला सदर थाना क्षेत्र के कसीरा गांव में छह वर्षीय मासूम अनमोल खड़िया की हत्या कर शव कुएं में फेंक देने का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है। परिजनों के आरोप पर गांव के ही कुलभूषण महली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अनमोल टिनटिया खड़िया का पुत्र था।
गुमला थाना प्रभारी महेंद्र करमाली ने घटना के पीछे की वजह प्रतिशोध बताई है। आरोप है कि कुलभूषण की पत्नी से टिनटिया का अवैध संबंध था। इस कारण उसने बदला लेने के लिए इस जघन्य कांड को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, कुलभूषण शुक्रवार शाम टिनटिया के घर पहुंचा और जूस पिलाने का लालच देकर अनमोल को अपने साथ ले गया। बच्चे की मां मंजनी को शक हुआ तो वह आरोपी के पीछे गई, लेकिन वह रास्ते में कहीं छिप गया। परिजनों और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला।




साइन इन