टावर पर चढ़कर लगाई फांसी, 18 वर्षीय युवक के सुसाइड वाले तरीके से हर कोई हैरान
आस-पास के लोग इस बात से हैरान हैं कि उसने आत्महत्या के लिए ऐसा रास्ता क्यों अपनाया। मृत युवक की पहचान बिरसा उरांव नाम से हुई है। उसकी उम्र महज 18 साल थी और वह गुमला जिले में भरनो थाना क्षेत्र के चेटो परसा गांव में रहता था।

झारखंड की रांची से आत्महत्या का बेहद अजीब मामला सामने आया है। यहां के बेडो थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवक ने बिजली के टॉवर पर चढ़कर फांसी लगाकर अपनी जान दी है। आस-पास के लोग इस बात से हैरान हैं कि उसने आत्महत्या के लिए ऐसा रास्ता क्यों अपनाया। मृत युवक की पहचान बिरसा उरांव नाम से हुई है। उसकी उम्र महज 18 साल थी और वह गुमला जिले में भरनो थाना क्षेत्र के चेटो परसा गांव में रहता था।
बिजली के टावर पर चढ़कर लगाई फांसी
जानकारी के मुताबिक, बिरसा ने रांची जिले के बेडो थाना क्षेत्र के ईंटाचिल्द्री टंगराटोली नामक गांव के पास लगे बिजली के टावर पर चढ़कर फांसी लगाई है। आत्महत्या की ये घटना संभवता बुधवार रात की बताई जा रही है। सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को इसके बारे में जानकारी दी, तो मौके पर पहुंची टीम ने लाश उतरवाकर छानबीन और पूछताछ शुरू की।
पुलिस ने बिजली विभाग से संपर्क कर लाइन कटवाई। इसके बाद नामकुम से पहुंचे बिजली विभाग के कर्मचारियों की मदद से शव को टॉवर से नीचे उतारा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।
सुसाइड वाले तरीके से हर कोई हैरान
सामने आई तस्वीर में लड़का टावर के लगभग ऊपरी सिरे के एक कोने में लटका हुआ दिखाई दे रहा है। वहां उसने खुदको फांसी के फंदे से लटकाकर खत्म कर लिया। आस-पास के लोग इस बात से हैरान हैं कि उसने आत्महत्या करने के लिए ऐसा क्यों किया? उसके टावर पर चढ़कर आत्महत्या करना लोगों को दोहरी हैरानी में डाल रहा है, पहला- उसका आत्महत्या करना और दूसरा- उसका टावर पर चढ़कर फांसी लगाना।
आत्महत्या की वजह अब तक अज्ञात
सूचना मिलने पर बेड़ो थाना के एसआई अनिल टोप्पो सदल बल घटनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने टीम को छानबीन की निर्देश दिया है। अब तक आत्महत्या के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं लग पाई है। आखिर 18 वर्षीय बिरसा उरांव ने आत्महत्या क्यों की? बेड़ो थाना प्रभारी सुजीत कुमार उरांव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी।




साइन इन