कौन हैं हंगरी के नए PM पीटर मैग्यार, जिनकी जीत को ट्रंप के लिए बताया जा रहा झटका
हंगरी के मतदाताओं ने 16 साल तक प्रधानमंत्री रहे विक्टर ओर्बन को सत्ता से बाहर कर दिया। हंगरी ने नए प्रधानमंत्री के रूप में यूरोपीय समर्थक पीटर मैग्यार को चुना है। इस चौंकाने वाले चुनाव परिणाम के वैश्विक स्तर पर असर देखे जा सकते हैं।

हंगरी के मतदाताओं ने 16 साल तक प्रधानमंत्री रहे विक्टर ओर्बन को सत्ता से बाहर कर दिया। हंगरी ने नए प्रधानमंत्री के रूप में यूरोपीय समर्थक पीटर मैग्यार को चुना है। इस चौंकाने वाले चुनाव परिणाम के वैश्विक स्तर पर असर देखे जा सकते हैं। कभी ओर्बन के वफादार रहे पीटर मैग्यार (45) ने अपने प्रचार अभियान के दौरान भ्रष्टाचार एवं स्वास्थ्य सेवा और सार्वजनिक परिवहन जैसे रोजमर्रा के मुद्दों को उठाया। मैग्यार की जीत को हंगरी में एक बड़े राजनीतिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। आइए जानते हैं कौन हैं पीटर मैग्यार और उनकी जीत को ट्रंप के लिए क्यों झटका माना जा रहा है।
इनसाइडर से चैलेंजर तक
मैग्यार की तिस्जा पार्टी को 77 प्रतिशत मतों की गिनती पूरी होने तक 53 प्रतिशत से अधिक वोट मिले जबकि ओर्बन की सत्तारूढ़ फिदेस्ज पार्टी को 38 प्रतिशत मत मिले। यह चुनावी परिणाम ओर्बन के लिए बड़ा झटका है, जिन्हें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का करीबी सहयोगी माना जाता है। ओर्बन के सत्ता से बाहर होने और मैग्यार की जीत को ट्रंप के लिए झटका माना जा रहा है। ओर्बन ने चुनाव में अपनी हार स्वीकार कर ली है। यह भी दिलचस्प है कि मैग्यार एक अरसे तक ओर्बान के मातहत काम कर चुके हैं। उन्होंने ओर्बान की सरकार में कई भूमिकाएं निभाईं। लेकिन 2024 के बाद वह उनसे अलग हो गए थे।
एक वकील और डिप्लोमेट
अगर करियर के शुरुआती दौर की बात करें तो मैग्यार ने वकील और डिप्लोमेट के तौर पर शुरुआत की थी। उन्होंने हंगरी के ब्रशेल्स मिशन में काम किया था। इसके अलावा विभिन्न सरकारी कंपनियों के बोर्ड में भी उनकी भूमिका थी। उनका उदय 2024 हुआ, जब एक विवादास्पद राष्ट्रपति क्षमा मामले के बाद उनकी तब की पत्नी जुडिथ वारगा ने इस्तीफा दिया। इसके तुरंत बाद, मैग्यार ने रिकॉर्डिंग जारी की जिसमें भ्रष्टाचार मामले में सरकार के हस्तक्षेप का आरोप लगाया गया।
कैसी है निजी जिंदगी
मैग्यार ने जुडिथ वारगा के साथ शादी की थी। हालांकि करीब 17 साल बाद साल 2023 में दोनों का तलाक हो गया। दोनों के तीन बेटे हैं। अगर उनके परिवरा की बात करें तो इसमें हंगरी के पूर्व राष्ट्रपति फेरेंक मैडल भी शामिल हैं। मैग्यार की राजनीति का रास्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से तैयार हुआ है। इसके अलावा उन्होंने सरकारी तंत्र में सुधार की भी वकालत की है।
कानून की पढ़ाई, खाना पकाना पसंद
मैग्यार ने अपनी पहचान एक यूरोपीय समर्थक रुढ़िवादी उदारवादी के रूप में बनाई है। वह खुद को पारंपरिक मूल्यों और संस्थागत सुधार के बीच एक पुल के रूप में पेश करते हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो मैग्यार ने कानून के क्षेत्र में डिग्री हासिल की है। उनहोंने बर्लिन के हंबोल्ड यूनिवर्सिटी में भी पढ़ाई की है। 2025 की संपत्ति घोषणा में, मैग्यार ने कई संपत्तियों का मालिक होने और लगभग 86.4 मिलियन फोरिंट के निवेश, बचत और कैश की जानकारी दी। राजनीति के अलावा, मैग्यार अपने आप को धार्मिक बताते हैं और फुटबॉल खेलना और अपने दोस्तों और बच्चों के साथ खाना पकाना पसंद करते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन