ये हमारा युद्ध नहीं; UK ने ट्रंप को दिया करारा झटका, जंग में कूदने से इनकार, उलटे होर्मुज पर बनाया 35 का प्लान
स्टारमर ने दो टूक कहा कि यह हमारा युद्ध नहीं है और हम इस झगड़े में नहीं पड़ेंगे। हम तनाव कम करना और होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलना चाहते हैं। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि इस युद्ध का असर हम पर पड़ेगा, लेकिन हमारे पास बाहर निकलने का प्लान है।
Iran War Updates: पश्चिम एशिया में गहराते संकट के बीच यूनाइटेड किंगडम (UK) के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर (Keir Starmer) ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका दिया है। स्टारमर ने साफ कहा है कि उनका देश ईरान जंग में शामिल नहीं होगा और उसका मुख्य लक्ष्य खाडडी क्षेत्र में तनाव कम करना (de-escalation) और होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलना है। कीर स्टारमर ने बुधवार को कहा कि मध्य पूर्व में चल रहा युद्ध उनका नहीं है, और वे इस झगड़े में नहीं पड़ेंगे। स्टारमर ने अपने संबोधन में कहा कि युद्ध का असर उन पर पड़ेगा, लेकिन UK के पास एक ज़्यादा सुरक्षित देश के तौर पर उभरने का प्लान है।
उन्होंने दो टूक कहा, "यह हमारा युद्ध नहीं है और हम इस झगड़े में नहीं पड़ेंगे। हम तनाव कम करना और होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलना चाहते हैं।" हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि इस युद्ध का असर हम पर पड़ेगा, लेकिन हमारे पास इससे एक ज़्यादा सुरक्षित देश के तौर पर बाहर निकलने का प्लान है। उन्होंने कहा, “UK ने खाड़ी के आसपास समुद्री सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक साझा बयान देने पर 35 देशों को एक साथ लाया है। हम इन देशों की बैठक की मेजबानी करेंगे। हम सैन्य योजनाकारों से मिलकर यह आकलन करेंगे कि जलडमरूमध्य को कैसे सुरक्षित बनाया जा सकता है। हालांकि, यह आसान नहीं होगा।”
एनर्जी बिलों को लेकर चिंता
स्टारमर ने आगे कहा कि असली चुनौती होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले रास्ते की सुरक्षा है। उन्होंने कहा, “चुनौती बीमा की नहीं, बल्कि रास्ते की सुरक्षा और हिफाजत की है। हमें एक एकजुट मोर्चे की जरूरत है। सबसे बढ़कर, एक स्पष्ट और शांत नेतृत्व की, जिसके लिए यह देश तैयार हैं। मेरा मार्गदर्शक ब्रिटिश राष्ट्रीय हित है। इससे चिंता बढ़ रही है... लोग परेशान हैं... उन्हें लगता है कि इसका असर उनके परिवार पर पड़ेगा और वे अपने एनर्जी बिलों को लेकर चिंतित हैं... इन चिंताओं को दूर करना सरकार का काम है।”
35 देशों का गठबंधन
बता दें कि ब्रिटेन ने 35 देशों को साथ लाकर समुद्री सुरक्षा पर संयुक्त पहल शुरू की है और जल्द ही इन देशों की बैठक की मेजबानी करेगा। ब्रिटिश पीएम का कहना है कि सैन्य योजनाकारों के साथ मिलकर होर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित बनाने और उसे खोलने पर चर्चा होगी। स्टारमर की तरफ से ये पहल ऐसे समय में हुई है जब ईरान में चल रहे युद्ध और होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रभावी रूप से बंद होने के कारण वैश्विक ऊर्जा संकट गहराता जा रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है जिससे दुनिया की तेल आपूर्ति का एक बड़ा हिस्सा सामान्य तौर पर गुजरता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन