US Iran war latest update Trump pressures China for help with Strait of Hormuz तेल संकट से बौखलाए ट्रंप अब चीन पर भड़के, जिनपिंग से मिलने के लिए रख दी होर्मुज वाली शर्त, International Hindi News - Hindustan
More

तेल संकट से बौखलाए ट्रंप अब चीन पर भड़के, जिनपिंग से मिलने के लिए रख दी होर्मुज वाली शर्त

ट्रंप ने फ्लोरिडा से वॉशिंगटन लौटते समय एयर फोर्स वन में पत्रकारों से कहा कि अमेरिका ने सैन्य सहयोग के लिए करीब सात देशों से बातचीत की है। हालांकि उन्होंने इन देशों के नाम नहीं बताए और चीन के बारे में सीधे जवाब देने से भी बचते रहे।

Mon, 16 March 2026 12:09 PMJagriti Kumari एपी, वॉशिंगटन
share
तेल संकट से बौखलाए ट्रंप अब चीन पर भड़के, जिनपिंग से मिलने के लिए रख दी होर्मुज वाली शर्त

US-Iran War: बीते 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमलों के बाद से पश्चिम एशिया में अशांति पैदा हो गई है। दो हफ्ते से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी युद्ध का कोई अंत होता नजर नहीं आ रहा है। इस बीच कच्चे तेल की कीमतें आसमान पर पहुंच गई हैं और कई देशों में आपूर्ति ठप होने की वजह हाहाकार मचा हुआ है। वहीं ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को प्रभावी रूप से बंद कर अमेरिका पर लगातार दबाव बना रहा है। अब अमेरिकी राष्ट्रपति के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य कि रक्षा के लिए दुनिया के कई देशों से मदद मांगी है। इन देशों में चीन का नाम भी शामिल है। ट्रंप ने इस दौरान चीन को चेतावनी देते हुए कहा है कि इस मामले में अगर चीन मदद नहीं करता है तो वे इस महीने के अंत में प्रस्तावित चीन यात्रा को टाल देंगे।

ट्रंप ने रविवार को फाइनेंशियल टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कहा कि चीन इस रास्ते से गुजरने वाले तेल पर काफी निर्भर है, इसलिए उसे उस नए अंतरराष्ट्रीय गठबंधन में शामिल होना चाहिए जिसे अमेरिका तेल टैंकरों की आवाजाही फिर से शुरू कराने के लिए बनाने की कोशिश कर रहा है। ट्रंप ने कहा कि चीन इस प्रयास में मदद करेगा या नहीं, यह वह अपनी यात्रा से पहले जानना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “हम जानना चाहेंगे। अगर ऐसा नहीं होता तो हम यात्रा टाल सकते हैं।”

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:न सीजफायर होगा न बातचीत, जब तक जरूरी होगा…; ईरान की दो टूक

टल जाएगी ट्रंप की यात्रा?

फिलहाल वाइट हाउस ने इस मामले पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट सोमवार को पेरिस में चीन के उप प्रधानमंत्री हे लिफेंग से व्यापार वार्ता के नए दौर में मुलाकात कर रहे थे। इन बातचीत का मकसद ट्रंप की प्रस्तावित बीजिंग यात्रा का रास्ता साफ करना भी माना जा रहा था। हालांकि अब इस पर सवाल खड़े हो गए हैं। गौरतलब है कि अमेरिका और चीन ने फिलहाल एक तरह का समझौता कर रखा है, जिसके तहत दोनों देश एक-दूसरे पर नए टैरिफ लगाने से बच रहे हैं, लेकिन हालात अभी भी संवेदनशील बने हुए हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:खत्म होगा LPG संकट? होर्मुज खुलवाने देशों की टीम बना रहे ट्रंप, एक ने किया मना

ट्रंप की क्या अपील?

इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि उन्होंने लगभग सात देशों से युद्धपोत भेजने की मांग की है, ताकि होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखा जा सके। हालांकि ईरान युद्ध के बीच तेल की कीमतों में तेजी के बावजूद उनकी अपील पर अभी तक किसी देश ने ठोस प्रतिबद्धता नहीं जताई है। ट्रंप ने एक बयान में कहा, ''मैं इन देशों से मांग कर रहा हूं कि वे आगे आएं और अपने क्षेत्र की सुरक्षा करें क्योंकि यह उनका ही क्षेत्र है।'' उन्होंने फ्लोरिडा से वाशिंगटन लौटते समय एयर फोर्स वन विमान में पत्रकारों से बातचीत में यह भी दावा किया कि यह समुद्री मार्ग अमेरिका के लिए उतना जरूरी नहीं है, क्योंकि अमेरिका के पास तेल तक अपनी पहुंच है। इससे पहले ट्रंप चीन, फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन से इसमें शामिल होने की अपील कर चुके हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:US के खिलाफ जंग में कूदे रूस-चीन, ईरान का खुलासा; कहा- हमें मिल रही सैन्य मदद

चीन और ईरान की प्रतिक्रिया

वहीं इस मामले पर चीन की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। अमेरिका में चीन के दूतावास के प्रवक्ता लियु पेंग्यू ने कहा है कि ऊर्जा आपूर्ति को स्थिर और निर्बाध बनाए रखना सभी पक्षों की जिम्मेदारी है और चीन तनाव कम करने के लिए संवाद बढ़ाएगा। इस बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने 'सीबीएस' से कहा कि कई देशों ने तेहरान से अपने जहाजों को सुरक्षित गुजरने देने के लिए संपर्क किया है लेकिन इस बारे में फैसला हमारे सैन्य अधिकारियों को करना है। उन्होंने कहा कि कुछ जहाजों को गुजरने की अनुमति दी गई है, हालांकि उन्होंने इसके बारे में अधिक जानकारी नहीं दी। ईरान ने कहा है कि यह जलडमरूमध्य सभी देशों के लिए खुला है, लेकिन अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए नहीं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।