अगर हिम्मत है तो... जेलेंस्की की पुतिन को खुली चुनौती, रूस ने बातचीत के लिए भेजा था बुलावा
Zelensky open challenge to Putin: यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अपने रूसी समकक्ष पुतिन को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो वह बातचीत के लिए कीव आ जाएं। जेलेंस्की की तरफ से यह बयान ऐसे समय में आया है, जब रूस ने बातचीत के लिए उन्हें मॉस्को बुलाया था।

Russia Ukraine war update: रूस और यूक्रेन युद्ध पिछले लगभग चार साल से जारी है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लंबी-लंबी बातों के बावजूद भी वह इसे खत्म करवाने में अभी तक असफल रहे हैं। हालांकि ट्रंप का कहना है कि उन्होंने पुतिन ने बात करके कुछ दिनों के लिए सीजफायल लागू करवा दिया है। ट्रंप के इस बयान के बाद रूस की तरफ से एक मास्टर स्ट्रोक चलते हुए जेलेंस्की को बातचीत के लिए मॉस्को आने का निमंत्रण दिया गया था। अब इस पर प्रतिक्रिया देते हुए जेलेंस्की ने पुतिन को चुनौती देते हुए कहा है कि अगर उनमें हिम्मत है तो वह कीव आ जाएं।
जेलेंस्की ने राजधानी कीव में मीडिया से बात करते हुए कि अगर रूस हमारी ऊर्जा और बिजली के केंद्रों पर हमला नहीं करता है, तो वह भी पलटकर हमला नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, "हम युद्ध समाप्त करना चाहते हैं और तनाव कम करने की कोशिश कर रहे हैं। अगर रबस हमारी ऊर्जा संरचनाओं पर हमला नहीं करता है, तो हम भी उसकी उर्जा संरचनाओं पर हमला नहीं करेंगे।"
रूस के बातचीत के लिए बुलावे पर बोले जेलेंस्की
रूस की तरफ से मॉस्को में बातचीत के बुलावे पर जेलेंस्की ने कहा कि उनके लिए मॉस्को जाकर पुतिन से बातचीत करना असंभव है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह पुतिन और ट्रंप दोनों से शांति वार्ता के लिए मिलने को तैयार हैं और इसके लिए वह रूस को छोड़कर किसी भी देश जाने के लिए राजी हैं। उन्होंने कहा, “मैं उन्हें (पुतिन को) कीव आने का न्योता दे रहा हूं, अगर वह आ सकते हैं तो। मैं सार्वजनिक रूप से यह कह रहा हूं... अगर उनमें हिम्मत है, तो वह आएं।”
आपको बता दें, पिछले लगभग चार सालों से युद्ध में उलझे दोनों देशों के बीच में यह बयानबाजी ऐसे समय में शुरू हुई है, जब ट्रंप ने भीषण ठंड को देखते हुए एक सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा की थी। वाइट हाउस में एक बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा कि पुतिन ने भी ठंड को देखते हुए एक सप्ताह के युद्ध विराम पर सहमति जताई है। हालांकि, यूक्रेन की तरफ से कहा गया है कि उन्हें अब तक युद्ध विराम की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। जेलेंस्की ने कहा कि वे इस सप्ताहभर के हमले रोकने के लिए अमेरिका पर भरोसा कर रहे हैं।
यूक्रेन इस समय भीषण ठंड का सामना करने की तैयारी कर रहा है, जहां तापमान -20 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की आशंका है। युद्ध के कारण कीव समेत कई शहरों में पहले से ही बिजली कटौती है, जिससे लोग ठंड और अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ट्रंप की घोषणा के बावजूद, रूस ने गुरुवार रात कीव पर हमला जारी रखा और एक बैलिस्टिक मिसाइल व 111 ड्रोन दागे।

लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन