Russia Putin says India China North Korea and BRICS should join Ukraine ceasefire talks यूक्रेन युद्ध विराम वार्ता में शामिल हो भारत, पुतिन ने इन देशों का लिया नाम; दोस्त किम जोंग का भी जिक्र, International Hindi News - Hindustan
More

यूक्रेन युद्ध विराम वार्ता में शामिल हो भारत, पुतिन ने इन देशों का लिया नाम; दोस्त किम जोंग का भी जिक्र

  • दक्षिण कोरिया की सेना के अनुसार, उत्तर कोरिया ने रूस की मदद के लिए 3,000 नए सैनिक भेजे हैं, जिससे यूक्रेन में लड़ रहे उत्तर कोरियाई सैनिकों की कुल संख्या 14,000 हो गई है।

Fri, 28 March 2025 10:04 AMAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, मॉस्को
share
यूक्रेन युद्ध विराम वार्ता में शामिल हो भारत, पुतिन ने इन देशों का लिया नाम; दोस्त किम जोंग का भी जिक्र

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए शांति वार्ता की दिशा में एक बड़ा बयान दिया है। पुतिन ने कहा कि वह यूक्रेन संकट के समाधान के लिए भारत, चीन और ब्राजील जैसे देशों को वार्ता में शामिल करना चाहते हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपने करीबी सहयोगी उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन का भी जिक्र किया।

इस दौरान व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन में एक "अस्थायी सरकार" स्थापित की जा सकती है, जो संयुक्त राष्ट्र, अमेरिका, यूरोपीय देशों और रूस के सहयोगियों की निगरानी में हो। उन्होंने इस प्रशासन के तहत नए चुनाव कराने और शांति वार्ता के लिए एक सक्षम सरकार के गठन की बात कही। रूसी समाचार एजेंसी TASS के अनुसार, पुतिन ने रूस के उत्तरी बंदरगाह शहर मुरमान्स्क में सेना के जवानों से बात करते हुए यह प्रस्ताव रखा।

उत्तर कोरिया समेत BRICS देशों को शांति वार्ता में शामिल करने की योजना

पुतिन ने शांति वार्ता में रूस और अमेरिका के अलावा अन्य देशों को भी शामिल करने की वकालत की। उन्होंने चीन, भारत, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका और उत्तर कोरिया का जिक्र किया।

उन्होंने कहा, "यह सिर्फ अमेरिका और रूस के बीच का मामला नहीं है। इसमें चीन, भारत, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका और अन्य BRICS देशों को भी शामिल किया जाना चाहिए। इसके अलावा, लोकतांत्रिक कोरिया (उत्तर कोरिया) को भी इस प्रक्रिया का हिस्सा बनाया जा सकता है।"

गौरतलब है कि दक्षिण कोरिया की सेना के अनुसार, उत्तर कोरिया ने रूस की मदद के लिए 3,000 नए सैनिक भेजे हैं, जिससे यूक्रेन में लड़ रहे उत्तर कोरियाई सैनिकों की कुल संख्या 14,000 हो गई है।

यूरोप और अमेरिका पर पुतिन का बयान

यूरोप को लेकर पुतिन ने कहा कि वह "अस्थिर नीतियां अपना रहा है और बार-बार हमें धोखा देने की कोशिश करता है। लेकिन हम अब इसके आदी हो चुके हैं।" इसके विपरीत, उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तारीफ की और कहा कि "वह इस संघर्ष को समाप्त करने की सच्ची इच्छा रखते हैं।"

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अमेरिका की इसमें दिलचस्पी ऐतिहासिक; डोनाल्ड ट्रंप के ग्रीनलैंड प्लान पर पुतिन
ये भी पढ़ें:ट्रंप की प्लानिंग आई काम! रूस-यूक्रेन में एक मुद्दे पर सहमति, 2 दिन से हमले नहीं

रूस-यूक्रेन युद्धविराम वार्ता और हमले जारी

इस बीच, सऊदी अरब के रियाद में हाल ही में रूस, यूक्रेन और अमेरिकी अधिकारियों के बीच युद्धविराम को लेकर बातचीत हुई थी। अमेरिका के अनुसार, इस वार्ता में दोनों देशों ने ब्लैक सी में जहाजों पर सैन्य हमले न करने पर सहमति जताई थी। हालांकि, वार्ता के बाद भी संघर्ष जारी रहा।

यूक्रेन ने रूस पर माईकोलाइव शहर पर ड्रोन हमला करने का आरोप लगाया। राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने इसे "दुनिया के लिए एक स्पष्ट संकेत बताया कि मास्को वास्तविक शांति वार्ता के लिए तैयार नहीं है।"

वहीं, रूस ने यूक्रेन पर रूसी कब्जे वाले क्षेत्र में एक गैस भंडारण सुविधा और एक बिजली संयंत्र पर हमला करने का आरोप लगाया, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है। युद्धविराम वार्ता का दूसरा दौर अप्रैल के मध्य में रियाद में होने की संभावना है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।