Qatar in high alert after Iran threat US and UK embassy recommends sheltering in place ईरान के बदले की धमकी के बीच कतर में हाई अलर्ट, US और यूके की अपने लोगों को एडवाइजरी, International Hindi News - Hindustan
More

ईरान के बदले की धमकी के बीच कतर में हाई अलर्ट, US और यूके की अपने लोगों को एडवाइजरी

Qatar in High Alert: ईरान की बदला लेने की धमकी के बाद कतर में हाई अलर्ट है। अमेरिका और ब्रिटेन के दूतावास ने अपने लोगों को घर पर ही रहने की सलाह दी है। कतर ने भी सुरक्षा के मद्देनजर हवाई यातायात पर रोक लगा दी है।

Mon, 23 June 2025 09:29 PMGaurav Kala कतर, रॉयटर्स
share
ईरान के बदले की धमकी के बीच कतर में हाई अलर्ट, US और यूके की अपने लोगों को एडवाइजरी

Qatar in High Alert: ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमलों के बाद बदले की धमकी को लेकर कतर स्थित अमेरिकी दूतावास ने सोमवार को कतर में रह रहे अपने सभी नागरिकों को 'घर में ही रहने' की एडवाइजरी जारी की है। इसके कुछ ही समय बाद ब्रिटिश दूतावास ने भी अपने नागरिकों को ऐसी ही चेतावनी दी। ईरान की धमकी के बीच कतर ने एहतियातन हवाई यातायात पर रोक लगा दी है।

ईरानी जवाबी कार्रवाई की आशंका

अमेरिकी रक्षा सूत्रों के हवाले से रॉयटर्स ने बताया कि ईरान, अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर किसी भी समय हमला कर सकता है। एक अधिकारी ने संभावना जताई कि यह हमला अगले 1-2 दिनों में हो सकता है। यह चेतावनी उन अमेरिकी हवाई हमलों के जवाब में है, जिनमें ईरान के नतांज, फोर्दो और इस्फहान में परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया गया था।

कतर सरकार क्या बोली

कतर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल अंसारी ने एक बयान में कहा, “देश में स्थिति पूरी तरह से स्थिर है और अमेरिकी दूतावास की चेतावनी का मतलब किसी विशिष्ट खतरे से नहीं है।” उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार अपने नागरिकों और विदेशी निवासियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क और तैयार है।

कतर ने एहतियातन रोकी हवाई यातायात

ईरान की धमकी के बीच कतर ने अस्थायी रूप से अपने हवाई क्षेत्र में हवाई यातायात निलंबित कर दिया है। यह फैसला क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए लिया गया है। कतर के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को एक आधिकारिक बयान में कहा, "क्षेत्र में हालिया घटनाक्रमों को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों ने देश के हवाई क्षेत्र में हवाई यातायात को अस्थायी रूप से निलंबित करने की घोषणा की है। यह निर्णय एहतियाती उपायों के तहत लिया गया है।"

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पैगंबर मोहम्मद का 'खैबर' कनेक्शन, मिसाइल हमले से ईरान का इजरायल को क्या मैसेज
ये भी पढ़ें:US पर अटैक को तैयार बैठे हैं ईरानी स्लीपर सेल, G7 समिट में ट्रंप को मिली थी धमकी

कतर में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी

कतर में स्थित अल उदैद एयरबेस मध्य-पूर्व में अमेरिका का सबसे बड़ा सैन्य ठिकाना है। यहां करीब 10,000 अमेरिकी सैनिक तैनात हैं। यह अमेरिका की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) का मुख्यालय भी है। यही वजह है कि ईरानी हमले की आशंका को लेकर कतर में विशेष चिंता जताई जा रही है।

अमेरिकी स्कूलों और यूनिवर्सिटीज़ में भी अलर्ट

अमेरिकी दूतावास की चेतावनी के बाद कतर स्थित अमेरिकी संस्थानों में भी हलचल मच गई। Texas A&M University ने इमारत खाली करवाने के आदेश दिए Northwestern University ने स्टाफ और छात्रों को घर भेजने की सलाह दी। Georgetown University ने कहा कि जो चाहें, वे घर जा सकते हैं। वहीं, अमेरिकन स्कूल ने गर्मियों की सभी कक्षाएं रद्द कर दीं और स्कूल को बंद कर दिया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।