People Urged to Surround Power Plants Iran Appeal Amid Trump 8 PM Threat पावर प्लांट को घेरकर खड़े हो जाएं लोग, ट्रंप की 8 बजे वाली धमकी के बीच ईरान की अपील, International Hindi News - Hindustan
More

पावर प्लांट को घेरकर खड़े हो जाएं लोग, ट्रंप की 8 बजे वाली धमकी के बीच ईरान की अपील

अमेरिका ने ईरान को आज रात 8 बजे तक की डेडलाइन देते हुए कहा है कि अगर होर्मुज को खोलने पर समझौता नहीं किया गया तो उसके पावर प्लांट नहीं बचेंगे। इसपर ईरान ने अपने युवाओं का मानव  श्रृंखला बनाने का अह्वान किया है। 

Tue, 7 April 2026 08:56 AMAnkit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share
पावर प्लांट को घेरकर खड़े हो जाएं लोग, ट्रंप की 8 बजे वाली धमकी के बीच ईरान की अपील

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान को अल्टिमेटम देते हुए कहा है कि मंगलवार रात 8 बजे तक अगर ईरान समझौता करने को तैयार नहीं होता है तो एक भी पुल और पावर प्लांट नहीं बचेगा और ईरान पाषाण युग में लौट जाएगा। डोनाल्ड ट्रंप की धमकी को देखते हुए ईरान की सरकार ने अपनी जनता से अपील की है युवा लोग मुख्य पावर प्लांट के चारों ओर मानव श्रृंखला बनाएं। ईरान के खेल मंत्रालय ने युवा एथलीट और खिलाड़ियों के साथ कलाकारों और छात्रों का आह्वान किया है। मंत्रालय ने कहा है कि मंगलवार की दोपहर 2 बजे तक सभी पावर प्लांट के पास इकट्ठा हो जाएं।

ईरान की सरकार की युवाओं से अपील

बता दें ईरान के स्थानीय समय के मुताबिक डोनाल्ड ट्रंप की डेडलाइन बुधवार की सुबह 3;30 बजे की है। ईरान के मंत्री ने कहा कि मानव श्रृंखला बनाने का विचार युवाओं ने ही दिया है। ऐसे में विश्वविद्यालयों में फड़ने वाले युवाओं, छात्रों और कलाकारों को मिलकर एकता का प्रदर्शन करना होगा। ईरान के मंत्री के मुताबिक यह एक तरह के प्रतीकात्मक प्रदर्शन होगा। यह प्रदर्शित करेगा कि देश का युवा अपनी संपत्ति की रक्षा करना चाहता है और भविष्य उज्ज्वल बनाना चाहता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पायलट को बचाना था या यूरेनियम चुराना था? ईरान ने US के ऑपरेशन पर उठा दिए सवाल
ये भी पढ़ें:होर्मुज में टोल वसूलने का अधिकार हमारा, ट्रंप ने किया ईरान पर जीत का दावा

युद्ध अपराध की चिंता नहीं- ट्रंप

ट्रंप ने ईरान के पुलों और बिजली संयंत्रों को नष्ट करने की धमकी देते हुए यह भी कहा कि उन्हें युद्ध अपराधों की 'कतई' चिंता नहीं है। अमेरिका के राष्ट्रपति ने चेतावनी दी कि अगर तेहरान मंगलवार को रात आठ बजे तक आत्मसमर्पण नहीं करता है तो ईरान के असैन्य बुनियादी ढांचे पर हमले किए जाएंगे। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा, 'आज सबसे अधिक हमले होंगे और कल, आज से भी अधिक हमले किए जाएंगे।'

इससे पहले ईरान ने 45 दिन के युद्धविराम के प्रस्ताव को खारिज करते हुए कहा कि वह युद्ध का स्थायी अंत चाहता है। ट्रंप ने अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय 'व्हाइट हाउस' में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा, ''पूरे देश पर एक ही रात में कब्जा किया जा सकता है और वह रात कल हो सकती है।'

पाकिस्तान के शांति प्रस्ताव की निकल रही हवा

उन्होंने कहा कि समझौता करने के लिए ईरान को दी गई मंगलवार रात आठ बजे की समयसीमा अंतिम है। ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि वह या तो निर्धारित समयसीमा के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य खोले या बिजली संयंत्रों और पुलों पर हमले का सामना करने के लिए तैयार रहे। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी 'इरना' ने बताया कि ईरान ने समझौते के बारे में पाकिस्तान के माध्यम से अमेरिका को अपना जवाब दे दिया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:युद्ध का असर : सोने से सुरक्षित निवेश का दर्जा छीन रहा अमेरिकी डॉलर

काहिरा स्थित ईरानी राजनयिक मिशन के प्रमुख मुज्तबा फरदौसी पोर ने सोमवार को 'एसोसिएटेड प्रेस' से कहा, "हम केवल युद्धविराम स्वीकार नहीं करेंगे। हम युद्ध की समाप्ति तभी स्वीकार करेंगे जब हमें यह गारंटी दी जाए कि हम पर दोबारा हमला नहीं किया जाएगा।" फरदौसी पोर ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरानी और ओमानी अधिकारी जहाजरानी के इस महत्वपूर्ण मार्ग के प्रशासन हेतु एक तंत्र विकसित करने पर काम कर रहे हैं।

ईरान द्वारा युद्धविराम प्रस्ताव खारिज किए जाने से पहले इजराइल ने सोमवार को ईरान के विशाल 'साउथ पार्स' प्राकृतिक गैस क्षेत्र में स्थित अहम पेट्रो-संयंत्र पर हमला किया। इजराइली हमले में रिवोल्यूशनरी गार्ड के एक शीर्ष कमांडर की मौत हो गई। इजराइली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने इस हमले की पुष्टि की। उन्होंने इसे ''ईरान के सबसे बड़े पेट्रो-रसायन प्रतिष्ठान पर एक भीषण हमला'' बताया।

इस संयंत्र से ईरान का करीब 50 प्रतिशत पेट्रो-रसायन उत्पादन होता है। इजराइल के सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल नादाव शोशानी ने कहा कि बातचीत आगे बढ़ने के बीच ईरान को ''कोई छूट नहीं'' मिलेगी। साउथ पार्स गैस क्षेत्र दुनिया का सबसे बड़ा प्राकृतिक गैस भंडार है। मार्च में साउथ पार्स पर इजराइल के हमले के बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि इज़राइल दोबारा उस पर हमला नहीं करेगा; लेकिन उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान ने कतर के ऊर्जा ढांचे पर हमले जारी रखे, तो अमेरिका जवाबी कार्रवाई करेगा और इस पूरे क्षेत्र को ''पूरी तरह से तबाह'' कर देगा।

इजराइल और अमेरिका ने सोमवार को ईरान पर कई बड़े हमले किए, जिनमें 25 से अधिक लोगों की मौत हो गई। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल और पड़ोसी खाड़ी देशों पर मिसाइलें दागीं। होर्मुज जलडमरुमध्य खोलने के लिए ईरान को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दी गई समयसीमा नजदीक आने के बीच मध्यस्थों ने युद्धविराम का नया प्रस्ताव पेश किया है।

तेहरान के पास अमेरिका का हमला, खुफिया प्रमुख की मौत

तेहरान में धमाकों की गूंज सुनाई दी, और राजधानी पर लगातार हमले होते रहने के कारण घंटों तक नीचे उड़ते जेट विमानों की आवाज़ आती रही। एक हवाई हमले में शरीफ प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के परिसर को निशाना बनाए जाने के बाद शहर के आज़ादी चौक के पास से घना धुआँ उठता दिखाई दिया। ईरानी सरकारी मीडिया और इजराइल के रक्षा मंत्री के अनुसार, तेहरान पर हुए हमलों में मारे गए लोगों में ईरान के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड के खुफिया प्रमुख मेजर जनरल माजिद खादेमी भी शामिल हैं। इज़राइल की सेना ने कहा कि उसने ईरानी अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड की खुफिया इकाई 'कुद्स फोर्स' के प्रमुख असगर बाकेरी को भी मार गिराया है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।