ईरान में इजरायल लड़ रहा युद्ध, यूरोप में यहूदी निशाना, समुदाय के स्कूल में धमाका
नीदरलैंड की राजधानी एम्सटर्डैम के एक यहूदी स्कूल में धमाका हुआ है। शहर के मेयर ने इसे यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर किया गया हमला करार दिया। यूरोप के कई देशों में इस तरह के हमले सामने आ रहे हैं। ऐसे में इन देशों ने यहूदी परिसरों की सुरक्षा को बढ़ा दिया है।
पश्चिम एशिया में अमेरिका और इजरायल द्वारा मिलकर किए गए हमले को लेकर दुनिया दो हिस्सों में बंटी हुई है। एक तरफ वह लोग हैं, जो इस हमले को जायज ठहरा रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ वह लोग हैं, जो इस हमले को गलत बता रहे हैं। इन सब के बीच यूरोप में यहूदी विरोधी भावना लगातार बढ़ रही है। शनिवार को नीदरलैंड्स की राजधानी एम्सर्टडैम के एक यहूदी स्कूल में धमाका हुआ है। शहर के मेयर फेमके हालसेमा ने इस हमले की निंदा करते हुए, इसे यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर किया गया अटैक बताया। डच मीडिया के मुताबिक इस हमले में स्कूल परिसर को नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यहूदी स्कूल में धमाके की खबर ऐसे समय में सामने आई है, जब शुक्रवार को ही नीदरलैंड्स के एक सिनेगॉग (यहूदी उपासना स्थल) पर आगजनी हुई थी। इस हमले के बाद पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया था। हालांकि, क्षेत्र में संप्रदायिकता भड़कने से बचने के लिए इनकी पहचान उजागर नहीं की गई है। पुलिस ने बताया कि चारों संदिग्धों को उस समय पकड़ा गया जब एक कार किसी अन्य सिनेगॉग के पास संदिग्ध तरीके से घूमती हुई देखी गई। कार चालक का हुलिया पहले हुए हमले के एक आरोपी से मिलता-जुलता था। पुलिस के अनुसार 17 से 19 वर्ष की उम्र के इन चारों संदिग्धों की अन्य सिनेगॉग पर हमले की योजना थी या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने इस मामले में प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी देने की अपील की है।
इसके बाद स्कूल में हुए धमाके ने यूरोप में बढ़ती यहूदी विरोधी भावना को एक बार फिर से उजागर किया है। पुलिस ने बताया कि धमाके के बाद स्कूल के सीसीटीवी फुटेज चैक किए गए, जिसमें एक व्यक्ति विस्फोटक फोड़ते हुए नजर आ रहा है। इससे पहले पड़ोसी देश बेल्जियम में भी एक सिनेगॉग पर हमला हुआ था। अधिकारियों ने इसे यहूदी विरोधी हमला बताया था। इस घटना में परिसर को नुकसान पहुंचा था, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ।
गौरतलब है कि यूरोप में पहले से ही यहूदी विरोधी भावना देखने को मिलती है। अब जबकि, इजरायल और अमेरिका मिलकर ईरान पर हमला बोल रहे हैं, तो पश्चिम एशिया में भी इजरायल को लेकर खुन्नस और भी ज्यादा बढ़ गई है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि खामेनेई की मौत के बाद उनके कट्टर समर्थक यहूदियों को निशाना बना सकते हैं। ऐसी स्थिति में नीदरलैंड्स और यूरोप के अन्य देशों ने यहूदी स्कूलों, सिनेगॉग और अन्य संस्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी है। आशंका है कि ईरान पर किए जा रहे हमलों का बदला लेने के लिए इन स्थानों को निशाना बनाया जा सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन