इजरायल का तगड़ा प्लान, इन देशों के साथ बना रहा नया गठबंधन; अलग राह पर ट्रंप
नेतन्याहू के बयान से इजरायल और अरब देशों के बीच तालमेल गहरे होने के संकेत मिलने लगे हैं। उन्होंने इस पहल को व्यापक रणनीति करार दिया है। उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम और बैलिस्टिक मिसाइल को लेकर कहा, 'हमने कड़ा प्रहार किया और दो खतरों को दूर कर दिया।'
ईरान के खिलाफ इजरायल नया मोर्चा खड़ा करता नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ऐसे संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के देशों के साथ अहम गठबंधन बनाया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने अब तक देशों के नामों का ऐलान नहीं किया है। खास बात है कि उनका बयान ऐसे समय पर आया है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि ईरान में जल्द ही ऑपरेशन खत्म किया जा सकता है।
नेतन्याहू ने नेतन्याहू ने मंगलवार को कहा कि ईरान के शासन के खिलाफ इजरायल का अभियान 'अभी खत्म नहीं हुआ है'। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका के साथ संयुक्त अभियानों ने ईरानी शासन की जड़े 'हिला दी' हैं। अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी से ईरान के खिलाफ संयुक्त हमले शुरू किए थे, जिसका जवाब देते हुए ईरान ने भी हमले किए। इससे युद्ध पूरे खाड़ी क्षेत्र में फैल गया।
गठबंधन के संकेत
इजरायल के प्रधानमंत्री ने कहा कि 'अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है और हमने शासन की जड़े हिला दी हैं, देर-सवेर यह ढह जाएगा'। उन्होंने कहा कि इजरायल नए क्षेत्रीय गठबंधन बना रहा है। उन्होंने कहा, 'मुझे उम्मीद है कि जल्द ही मैं इस क्षेत्र के महत्वपूर्ण देशों के साथ बने नए गठबंधनों के बारे में और अधिक जानकारी साझा कर पाऊंगा।'
नेतन्याहू ने ईरानी शासन की आलोचना करते हुए कहा, 'अयातुल्ला शासन ने हमें मिटाने के लिए वर्षों में लगभग एक ट्रिलियन डॉलर खर्च किए। वह एक ट्रिलियन डॉलर बर्बाद हो गए।'
अरब देशों के साथ समीकरण के बड़े संकेत
नेतन्याहू के बयान से इजरायल और अरब देशों के बीच तालमेल गहरे होने के संकेत मिलने लगे हैं। उन्होंने इस पहल को व्यापक रणनीति करार दिया है। उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम और बैलिस्टिक मिसाइल को लेकर कहा, 'हमने कड़ा प्रहार किया और दो खतरों को दूर कर दिया।'
ट्रंप का प्लान
वाइट हाउस में ईंधन की बढ़ी कीमतों को लेकर जब ट्रंप से सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, 'मुझे सिर्फ इतना करना है कि ईरान से निकल जाना है और हम ऐसा बहुत जल्दी करने वाले हैं और कीमतें धड़ाम से नीचे गिर जाएंगी।' उन्होंने कहा, 'हम काम पूरा कर रहे हैं और मुझे लगता है कि इस काम को पूरा करने के लिए 2 सप्ताह या कुछ दिन और लगेंगे।'
उन्होंने कहा कि अमेरिका ऑपरेशन को खत्म करना ईरान के साथ किसी डील पर निर्भर नहीं है। उन्होंने कहा, 'उन्हें मेरे साथ डील करने की कोई जरूरत नहीं है।' खास बात है कि ट्रंप ने हाल ही में देशों से कह दिया है कि वे खुद ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पहुंचकर तेल लेकर आएं।
ट्रंप ने कहा था, 'अगर फ्रांस या कोई अन्य देश तेल या गैस चाहता है, तो वे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होकर जाएंगे, वे सीधे वहां जाएंगे, और वे अपनी देखभाल खुद करने में सक्षम होंगे।' उन्होंने कहा, 'होर्मुज पर क्या होता है, उससे हमारा कोई लेना-देना नहीं होगा, क्योंकि ये देश, जैसे चीन—चीन वहां जाएगा और वे अपने खूबसूरत जहाजों में ईंधन भरेंगे... और वे अपना ख्याल खुद रखेंगे। हमारे लिए ऐसा करने का कोई कारण नहीं है।'
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन