ईरान पर उठेगा और तूफान या फिर शांति की सुबह? डोनाल्ड ट्रंप आज करने जा रहे क्या ऐलान
US President Speech: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ चल रहे युद्ध के बीच बुधवार रात 9 बजे राष्ट्र को संबोधित करने वाले हैं। वाइट हाउस के अनुसार, इस संबोधन में युद्ध की स्थिति पर महत्वपूर्ण अपडेट दिया जाएगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ चल रहे युद्ध के बीच बुधवार रात 9 बजे (भारतीय समयानुसार गुरुवार सुबह 6.30 बजे) राष्ट्र को संबोधित करने वाले हैं। वाइट हाउस के अनुसार, इस संबोधन में युद्ध की स्थिति पर ‘महत्वपूर्ण अपडेट’ दिया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स में अटकलें हैं कि ट्रंप युद्ध को समाप्त करने, सैन्य वापसी या नई रणनीति से जुड़े बड़े ऐलान कर सकते हैं। ट्रंप ने मंगलवार को संकेत दिया था कि अमेरिकी सेना ईरान से 'बहुत जल्द', यानी दो-तीन हफ्तों में वापस आ सकती है। उन्होंने कहा कि अमेरिका का मुख्य लक्ष्य ईरान के पास परमाणु हथियार न पहुंचने देना था और वह लक्ष्य हासिल हो गया है।
संबोधन से पहले ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के नए शासन के राष्ट्रपति ने संघर्षविराम (सीजफायर) की अपील की है। हालांकि, उन्होंने साफ कर दिया कि अमेरिका तभी विचार करेगा जब हॉर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह ‘खुला, मुक्त और साफ’ हो जाएगा। ट्रंप ने चेतावनी दी कि फिलहाल अमेरिकी बल ईरान को ‘पत्थर के युग में वापस धकेलने’ के लिए हमले जारी रखेंगे। उन्होंने ईरान के नए नेतृत्व को ‘कम कट्टरपंथी और ज्यादा समझदार’ बताया।
दूसरी ओर ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघेई ने ट्रंप के इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया। बघेई ने कहा कि ट्रंप का दावा झूठा और बेबुनियाद है। ईरान ने संघर्षविराम की कोई गुजारिश नहीं की है।
दावों-प्रतिदावों के बीच खबर है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को ईरान युद्ध सुलझाने का प्रमुख जिम्मा सौंपा है। सूत्रों के मुताबिक, वेंस ने पाकिस्तानी मध्यस्थों के साथ निजी बातचीत में संकेत दिया है कि अमेरिका युद्धविराम के लिए तैयार है, लेकिन ईरान को कुछ प्रमुख शर्तें पूरी करनी होंगी, जिनमें हॉर्मुज स्ट्रेट को तुरंत फिर से खोलना शामिल है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान वर्तमान में अमेरिका और ईरान के बीच प्रमुख मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। मंगलवार को उपराष्ट्रपति वेंस ने पाकिस्तानी मध्यस्थों से विस्तृत चर्चा की। ट्रंप के निर्देश पर वेंस ने स्पष्ट किया कि युद्धविराम तभी संभव है जब अमेरिका की कुछ शर्तें पूरी हों। अगर ईरान सहमत नहीं हुआ तो ईरानी बुनियादी ढांचे पर और भारी हमले किए जा सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन