लगा जैसे बिल्डिंग हिल गई हो, दुबई पर ईरान ने दाग दिया ड्रोन, देखें हवाई हमले का VIDEO
शेख जायद रोड पर सायरन की आवाजें सुनाई देने लगीं। एक यूजर ने एक्स पर लिखा कि दुबई के इंटरनेशनल सेंटर पर मेरी बिल्डिंग के बगल में एक धमाका हुआ है। उसने धमाके का वीडियो भी शेयर किया।

Iran America War Update: ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध जारी है। ईरान खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है। दुबई, कतर, बहरीन, कुवैत जैसी जगहों पर ईरान ने कई हवाई हमले किए हैं। शुक्रवार को एक बार फिर से ईरान ने दुबई पर ड्रोन हमला किया, जिसके बाद बिल्डिंग में आग लग गई। पिछले 14 दिनों के युद्ध में दुबई पर ईरान कई हवाई हमले कर चुका है, जिससे वहां रहने वाले लोगों में भय बना हुआ है।
ताजा हमले के बारे में बात करते हुए न्यूज एजेंसी एएफपी के संवाददाता ने बताया कि जब हमला हुआ तो लगा कि बिल्डिंग हिल गई है। उन्होंने बड़ा हमला बताया। इसके बाद शेख जायद रोड पर सायरन की आवाजें सुनाई देने लगीं। एक यूजर ने एक्स पर लिखा कि दुबई के इंटरनेशनल सेंटर पर मेरी बिल्डिंग के बगल में एक धमाका हुआ है। उसने धमाके का वीडियो भी शेयर किया। वहीं, दुबई मीडिया ऑफिस ने भी धमाके की पुष्टि की और कहा कि अधिकारियों ने पुष्टि की है कि एक सफल इंटरसेप्शन के मलबे के कारण मध्य दुबई में एक इमारत के बाहरी हिस्से पर एक छोटी-सी घटना हुई। इसमें किसी के घायल होने की कोई रिपोर्ट नहीं है।
ट्रंप ने ईरान को फिर दी धमकी
इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को ऑनलाइन माध्यम से एक बार फिर धमकी देते हुए लिखा, ''देखिए, इन सनकी लोगों के साथ आज क्या होता है।'' ट्रंप ने शुक्रवार को अपनी 'ट्रुथ सोशल' वेबसाइट पर एक 'पोस्ट' साझा करते हुए लिखा, ''ईरान की नौसेना खत्म हो चुकी है, उनकी वायुसेना अब नहीं रही, मिसाइलें, ड्रोन एवं बाकी हर चीज को नष्ट किया जा रहा है और उनके नेताओं को धरती के नक्शे से मिटा दिया गया है।'' अमेरिकी राष्ट्रपति ने लिखा, ''वे 47 साल से दुनिया भर में निर्दोष लोगों को मारते रहे हैं और अब अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में मैं उन्हें मार रहा हूं।'' उन्होंने कहा, ''ऐसा करना मेरे लिए कितने बड़े सम्मान की बात है!''
'खाड़ी देशों पर हमले जारी रखेगा ईरान'
ईरान के नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता का पद संभालने के बाद पहला बयान जारी कर गुरुवार को कहा कि ईरान खाड़ी देशों पर हमले जारी रखेगा साथ ही उन्होंने उस युद्ध में ''अन्य मोर्चे'' खोलने की धमकी दी जिसने पहले ही विश्व ऊर्जा आपूर्ति, वैश्विक अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय यात्रा को बाधित कर दिया है। मोजतबा खामेनेई के ईरान के अर्द्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड से करीबी संबंध हैं और ऐसा माना जाता है कि उनका रुख अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई से भी अधिक कट्टर है। अभी यह जानकारी नहीं है कि वह कहां हैं। सरकारी टेलीविजन पर शीर्ष नेता खामेनेई (56) का बयान एक समाचार प्रस्तोता ने पढ़ा। खामेनेई कैमरे के सामने नहीं आए और इजराइली आकलन से पता चलता है कि युद्ध की शुरुआती गोलीबारी में वह घायल हो गए थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन