'वेंटिलेटर पर सीजफायर...' क्या टूटने वाला है युद्धविराम? ट्रंप के बयान से बढ़ी टेंशन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान के साथ चल रहा युद्धविराम बेहद नाजुक स्थिति में पहुंच गया है और यह वेंटिलेटर पर लटका हुआ है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान के साथ चल रहा युद्धविराम बेहद नाजुक स्थिति में पहुंच गया है और यह 'वेंटिलेटर' पर लटका हुआ है। तेहरान द्वारा अमेरिकी प्रस्ताव का जवाब में भेजे गए 'अस्वीकार्य' प्रस्ताव के बाद ट्रंप ने युद्धविराम की स्थिति को 'अविश्वसनीय रूप से कमजोर' करार दिया। ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि एक महीने पहले लागू हुए युद्धविराम की हालत बेहद खराब है। ईरान की प्रतिक्रिया पढ़ने के बाद मैंने उसे पूरा भी नहीं पढ़ा। मैं इसे सबसे कमजोर स्थिति में बता रहा हूं। उन्होंने आगे कहा कि मैं कह सकता हूं कि यह युद्धविराम अब 'लाइफ सपोर्ट' पर है, जहां डॉक्टर अंदर आकर कहता है कि सर, आपके परिजन के जीवित रहने की संभावना मुश्किल से एक फीसदी है।
8 अप्रैल को शुरू हुआ था युद्धविराम
बता दें कि यह तनावपूर्ण युद्धविराम 8 अप्रैल को लागू हुआ था। उस समय ट्रंप ने साफ चेतावनी दी थी कि यदि कोई समझौता नहीं हुआ तो वे ईरान की 'पूरी सभ्यता' को नष्ट कर देंगे। मूल रूप से दो सप्ताह के लिए तय इस युद्धविराम को 21 अप्रैल को ट्रंप ने एकतरफा रूप से बढ़ा दिया था। शुरू से ही दोनों पक्ष एक-दूसरे पर शर्तों का उल्लंघन करने का आरोप लगा रहे हैं, जिससे युद्धविराम लगातार डांवाडोल रहा है।
ट्रंप ने युद्धविराम की घोषणा के दौरान ईरान से हॉर्मुज स्ट्रेट को तुरंत फिर से खोलने की मांग की थी, जो वैश्विक तेल परिवहन का अत्यंत महत्वपूर्ण जलमार्ग है। युद्ध शुरू होने के बाद यह मार्ग लगभग बंद हो गया था। इसके बाद ट्रंप ने ओमान की खाड़ी में अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी का आदेश दिया ताकि ईरानी बंदरगाहों पर यातायात रोका जा सके।
युद्धविराम के बावजूद हमले जारी
युद्धविराम के बावजूद क्षेत्र में हिंसा थमी नहीं है। पिछले सप्ताह ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात ( UAE ) पर हमला किया, जबकि हॉर्मुज स्ट्रेट में अमेरिका और ईरान के बीच गोलीबारी हुई। पेंटागन ने बताया कि अमेरिकी बलों ने ईरान के ध्वज वाले दो तेल टैंकरों को निशाना बनाया।
पिछले हफ्ते ट्रंप और अमेरिकी अधिकारियों ने युद्धविराम को बरकरार बताते हुए कहा था कि वे ईरान के औपचारिक प्रस्ताव का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें युद्ध समाप्ति और तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर आगे की बातचीत शामिल हो। रविवार को ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मुझे ईरान की प्रतिक्रिया मिल गई है। मुझे यह पसंद नहीं है, बिल्कुल अस्वीकार्य है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन