इजरायल में भी गूंजने लगीं मिसाइलें, ईरान ने कर दिया जवाबी हमला; ट्रंप ने ईरान की जनता से की यह अपील
इजरायल के हमल के कुछ देर बाद ईरान ने भी इजरायल पर जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। आईडीएफ का दावा है कि ईरान की मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया गया है। अमेरिका इस हमले में इजरायल का पूरा साथ दे रहा है।

इजरायल और ईरान के बीच देखते ही देखते भीषण युद्ध छिड़ गया है। इस हमले में अमेरिका खुलकर इजरायल का साथ दे रहा है। शनिवार को सुबह ही इजरायल ने अमेरिका के साथ मिलकर तेहरान समेत कई इलाकों में बमबारी की। बताया गया कि ये हमले ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह खामेनेई के कार्यालय के पास किए गए थे। इन हमलों के बाद ईरान ने भी जवाबी हमले किए। आईडीएफ का कहना है कि कई ईरानी मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया गया है। इजरायल का आयरन डोम ईरान की मिसाइलों को धराशायी कर रहा है।
ईरान की जनता से डोनाल्ड ट्रंप की अपील
उत्तरी इजराइल में धमाकों की आवाजें गूंज रही हैं। ईरान से आने वाली मिसाइलों को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने हमलों की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्होंने लड़ाकू विमानों का युद्ध शुरू कर दिया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान परमाणु समझौता करने को तैयार नहीं है और ऐसे में उसके सभी मिसइल और परमाणु ठिकानों को नष्ट कर दिया जाएगा। ट्रंप ने ईरान की जनता से कहा कि वह सत्ता अपने हाथों मे ले ले। बता दें कि इस्लामिक सरकार के प्रदर्शन के दौरान भी ईरान की जनता अमेरिका की ओर देख रही थी।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इजराइल द्वारा हमले शुरू करने के बाद अमेरिका ने ईरान में ''बड़े पैमाने पर युद्ध अभियान'' की शुरुआत कर दी है ट्रंप ने ईरान पर हमलों को ''एक आदर्श मिशन'' बताया और कहा कि ये हमले आवश्यक थे क्योंकि ईरान परमाणु हथियार तथा मिसाइल प्रणालियां विकसित करने की कोशिश कर रहा था जो अमेरिका तक पहुंच सकती थीं। उन्होंने ईरानी अधिकारियों से आह्वान किया कि वे ‘अपने हथियार डाल दें’ या फिर निश्चित रूप से मौत का सामना करें। इसके साथ ही उन्होंने ईरान के लोगों को 'अपनी सरकार पर कब्जा करने' के लिए प्रोत्साहित किया।
ईरान ने बंद कर दीं मोबाइल सेवाएं
इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने इस हमले को ''खतरों को समाप्त करने'' के लिए उठाया गया कदम बताया। हालांकि, उन्होंने तुरंत इसका अधिक विवरण नहीं दिया। इजराइल के कई अस्पतालों ने आपातकालीन प्रोटोकॉल शुरू कर दिए हैं, जिनमें मरीजों को भूमिगत केंद्रों में स्थानांतरित करना शामिल है। तेहरान में प्रत्यक्षदर्शियों ने खामेनेई के कार्यालय के पास पहला धमाका सुना। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने बाद में विस्फोट की खबर दी, लेकिन इसका कारण नहीं बताया।
इसी समय इजराइल में सायरन बजने लगे। इजराइली सेना ने कहा कि उसने ''जनता को पहले से चेतावनी जारी की है ताकि इजराइल की ओर मिसाइल दागे जाने की संभावित स्थिति के लिए लोग तैयार रह सकें।' इसी बीच ईरान ने हवाई क्षेत्र और मोबाइल सेवाएं बंद कर दी हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन