Indian Ship Attacked and Seized in Hormuz by Iran being Taken Back by IRGC भारत आ रहे जहाज को ईरान ने किया जब्त, ले गया वापस; होर्मुज में तनाव बढ़ा, International Hindi News - Hindustan
More

भारत आ रहे जहाज को ईरान ने किया जब्त, ले गया वापस; होर्मुज में तनाव बढ़ा

ईरान ने होर्मुज के रास्ते भारत आ रहे जहाज को जब्त कर लिया है। ईरानी सेना IRGC ने कुल दो जहाजों पर कार्रवाई की है। इन्हें वापस ईरान ले जाया गया है। ईरान इससे पहले भी भारतीय जहाजों पर हमला कर चुका है।

Wed, 22 April 2026 05:33 PMMadan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, तेहरान
share
भारत आ रहे जहाज को ईरान ने किया जब्त, ले गया वापस; होर्मुज में तनाव बढ़ा

होर्मुज के रास्ते भारत आ रहे जहाज को ईरान ने जब्त कर लिया है। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कुल दो जहाजों को जब्त किया है। ईरान की सरकारी मीडिया ने बताया, ''होर्मुज को पार करने की कोशिश कर रहे दो जहाजों को कथित तौर पर ईरान के IRGC ने जब्त कर लिया है और उन्हें ईरान ले जाया गया है।'' न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, गार्ड्स ने एक बयान में कहा, "इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की नौसेना ने आज सुबह होर्मुज स्ट्रेट में दो नियम तोड़ने वाले जहाजों की पहचान की और उन्हें रोक लिया।" ईरान के इस ऐक्शन से होर्मुज और मिडिल ईस्ट में एक बार फिर से तनाव बढ़ गया है।

बुधवार को ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने जिन दो जहाजों पर हमला करके उन्हें जब्त किया, उनमें से एक जहाज गुजरात आ रहा एक मालवाहक जहाज था। ईरान ने दोनों जहाजों पर नेविगेशन सिस्टम में हेरफेर करने और होर्मुज में सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगाया। इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग' (IRIB) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, ये दोनों जहाज- जिनकी पहचान MSC-FRANCESCA और EPAMINODES के रूप में हुई है, इस रणनीतिक जलमार्ग से गुजरते समय कथित तौर पर नियमों के उल्लंघन में शामिल थे।

इससे पहले, बुधवार को होर्मुज में कुल तीन कंटेनर जहाजों पर ईरान द्वारा हमले की बात सामने आई थी। UK मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर (UKMTO) ने बताया कि ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की एक गनबोट ने ओमान से लगभग 15 नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व में एक कंटेनर जहाज पर गोलीबारी की। यूनानी कंपनी के स्वामित्व वाले इस जहाज एपामिनोंडास के ब्रिज को काफी नुकसान पहुंचा। हालांकि, क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हवाई हमले शुरू होने के बाद से, मिडिल ईस्ट में जहाजों पर 30 से ज्यादा हमले हो चुके हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लाइट बंद की और…US नेवी की आंखों में धूल झोंक होर्मुज से 2 टैंकर निकाल लाया ईरान

ईरान ने दूसरा हमला पनामा का झंडा लगा यूफोरिया जहाज पर किया। यह UAE की एक कंपनी का जहाज था। बताया गया है कि इस पर ईरान से लगभग आठ नॉटिकल मील पश्चिम में हमला किया गया। UKMTO ने बताया कि जहाज का क्रू सुरक्षित रहा और जहाज को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। वहीं, तीसरा हमला पनामा का झंडा लगे MSC Francesca पर हुआ। यह ईरान के तट से लगभग छह नॉटिकल मील दूर था, जब इसे निशाना बनाया गया। यह जहाज हमले के समय होर्मुज से दक्षिण की ओर ओमान की खाड़ी में जा रहा था। समुद्री खुफिया फर्म Vanguard के अनुसार, जहाज ने बाहरी ढांचे और रहने की जगहों में नुकसान होने की सूचना दी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:होर्मुज में एक बार फिर से गोलीबारी, तीन जहाजों को बनाया निशाना; कितना नुकसान?

शनिवार को होर्मुज में ईरानी गनबोट्स ने भारत का झंडा लगे दो जहाजों पर गोलीबारी की थी। सूत्रों के अनुसार, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और जहाज़ों को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि, ओमान के उत्तर-पूर्व में, तेल व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण शिपिंग लेन में हुई इस घटना के बाद, दोनों जहाजों को वापस लौटना पड़ा। 'जग अर्णव' और 'सनमार हेराल्ड' नामक जहाजों पर हमला किया गया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:होर्मुज क्यों नहीं खोल रहा US, ट्रंप ने बताया; ईरान को रोज 500 मिलियन का घाटा

इस घटना के बाद नई दिल्ली ने ईरानी राजदूत को तलब किया और गोलीबारी की इस घटना पर भारत की गहरी चिंता से अवगत कराया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि विदेश सचिव ने व्यापारिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा को भारत द्वारा दिए जाने वाले महत्व का उल्लेख किया और याद दिलाया कि ईरान ने पहले भी भारत आ रहे कई जहाजों के सुरक्षित मार्ग में मदद की थी। मंत्रालय ने कहा, ''व्यापारिक जहाजों पर गोलीबारी की इस गंभीर घटना पर अपनी चिंता दोहराते हुए, विदेश सचिव ने राजदूत से आग्रह किया कि वे ईरान के अधिकारियों तक भारत के विचार पहुंचाएं और होर्मुज से होकर भारत आने वाले जहाजों को सुविधा प्रदान करने की प्रक्रिया जल्द से जल्द फिर से शुरू करें।" मंत्रालय ने बताया कि राजदूत ने ईरानी अधिकारियों तक ये विचार पहुंचाने का आश्वासन दिया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।