इजरायल ने हिजबुल्लाह चीफ के करीबी को मार गिराया, लेबनान पर बहुत बड़ा हमला
लेबनान में बड़े पैमाने पर हमले हो रहे हैं। इजरायल ने बेरूत में व्यावसायिक और रिहायशी इलाकों पर हमले किए हैं। इन हमलों में बुधवार को 200 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।

इजरायल ने लेबनान में बड़ा ऑपरेशन चलाते हुए हिजबुल्लाह चीफ नईम कासिम के करीबी को मार गिराया है। IDF ने गुरुवार को इसका दावा किया है। इजरायली सेना ने गुरुवार को एक बयान में बताया कि बुधवार को बेरूत में हिजबुल्लाह प्रमुख के करीबी सलाहकार पर हमला करके उसे मार गिराया। यह हमला तब हुआ जब इजरायल ने बुधवार से लेबनान पर बड़े हमले किए हैं।
IDF के एक बयान में कहा गया, "कल, IDF ने बेरूत इलाके में हमला किया और हिजबुल्लाह के महासचिव नईम कासिम के निजी सचिव और भतीजे अली यूसुफ हर्षी को मार गिराया।" बयान में आगे कहा गया कि हर्षी, कासिम का एक करीबी सहयोगी और निजी सलाहकार था और कासिम के दफ्तर के कामकाज को संभालने और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में उसकी अहम भूमिका थी।
हिजबुल्लाह के कई लड़ाके ढ़ेर
इस बीच इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने बताया है कि इजरायल ने बुधवार को पूरे लेबनान में हिजबुल्लाह के सैकड़ों लड़ाकों को निशाना बनाते हुए एक बड़ा हमला किया है। काट्ज़ ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा, “IDF ने पूरे लेबनान में हिजबुल्लाह के कमांड सेंटरों पर हमला कर सैकड़ों आतंकवादियों को निशाना बनाया। 'ऑपरेशन बीपर्स' के बाद से यह हिजबुल्लाह के लिए सबसे बड़ा झटका लगा है।”
इजरायली रक्षा मंत्री यहां 2024 में हिजबुल्लाह के खिलाफ किए गए उस हमले का जिक्र किया, जिसमें पेजर बमों का इस्तेमाल कर इजरायल ने हिजबुल्लाह के दर्जनों लड़कों को मौत के घाट उत्तर दिया था। उन्होंने ईरान समर्थित इस हथियारबंद गुट के नेता का जिक्र करते हुए आगे कहा, “हमने नईम कासिम को चेतावनी दी थी कि ईरान के इशारे पर इजरायल पर हमला करने की हिजबुल्लाह को बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ेगी, और आज हमने उस वादे का एक और चरण पूरा किया है।”
सीजफायर ने बाद बड़ा अटैक
गौरतलब है कि बुधवार को ट्रंप ने ईरान संग सीजफायर का ऐलान किया था। जहां पाकिस्तान की ओर से कहा गया है कि इसके तहत इजरायल अब लेबनान में जारी अपने हमले भी रोक देगा। हालांकि अमेरिका और इजरायल दोनों ने कहा कि लेबनान सीजफायर का हिस्सा नहीं है। सीजफायर होने के बाद से इजरायल ने लेबनान पर और भीषण हमले किए हैं।
लेबनान पर कहर
लेबनान पर इजरायली हवाई हमलों में कम से कम 254 लोग मारे गए हैं और 1,165 अन्य घायल हो गए। यह जानकारी अल जजीरा ने लेबनानी नागरिक सुरक्षा के हवाले से दी है। बुधवार को, इजरायली विमानों ने मध्य बेरूत के मजरा, मनारा, ऐन अल मरेसेह और बरबोर इलाकों के साथ-साथ दक्षिणी उपनगरों के आठ इलाकों पर हमला किया। हिजबुल्लाह ने कहा जा कि इजरायल द्वारा लेबनान पर की गई बमबारी आंदोलन को जवाबी कार्रवाई का अधिकार देती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन