तो राज ही रह जाएगी फ्लाइट एमएच 370? खोज अभियान का क्या निकला नतीजा; 12 साल की मिस्ट्री
विमान पर सवार 239 यात्री, 12 साल पुराना रहस्य, क्या हमेशा की लिए राज ही रह जाएगा? यह सवाल जुड़ा है मलेशियाई एयरलाइंस के लापता विमान एमएच 370 के साथ। इस लापता विमान की तलाश के लिए ताजा प्रयासों में भी सफलता नहीं मिली है।

विमान पर सवार 239 यात्री, 12 साल पुराना रहस्य, क्या हमेशा की लिए राज ही रह जाएगा? यह सवाल जुड़ा है मलेशियाई एयरलाइंस के लापता विमान एमएच 370 के साथ। इस लापता विमान की तलाश के लिए ताजा प्रयासों में भी सफलता नहीं मिली है। पानी के भीतर खोज कर रही अमेरिकी समुद्री रोबोटिक्स कंपनी ओशन इनफिनिटी ने एक बार फिर हाथ खड़े कर दिए हैं। इसके साथ ही विमान के साथ गायब हुए लोगों के परिजन आज भी अपनों को लेकर तमाम सवाल कर रहे हैं। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक पानी के नीचे चलने वाले वाहनों की निरंतर तैनाती और व्यापक सर्वेक्षण कवरेज के बावजूद, अब तक के खोज अभियानों में कोई महत्वपूर्ण खोज या निर्णायक परिणाम प्राप्त नहीं हुआ है।
क्या हुआ था
आठ मार्च 2014 की सुबह, मलेशिया एयरलाइंस का बोइंग 777-200 विमान (फ्लाइट एमएच 370) कुआलालंपुर से बीजिंग के लिए रवाना हुआ था। इसमें 227 यात्री और 12 चालक दल के सदस्य सवार थे। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद यह रडार से गायब हो गया। माना जाता है कि विमान दक्षिण हिंद महासागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, लेकिन व्यापक तलाशी अभियानों के बाद भी आज तक इसके दुर्घटना स्थल का सटीक पता नहीं चल सका है। मलेशियाई परिवहन मंत्रालय ने 3 दिसंबर, 2025 को इस वर्तमान 55 दिवसीय अभियान की अनुमति दी थी।
लगातार चला सर्च ऑपरेशन
सिंगापुर के ध्वज वाले जहाज अर्मडा ने छह जनवरी से 15 जनवरी के बीच, लगभग 7,236.40 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र की मैपिंग की। पहले इस अभियान के पूरा होने की तारीख 16 जनवरी तय की गई थी, लेकिन सर्वेक्षण क्षेत्र को अधिकतम करने और परिचालन संबंधी कारणों से इसे बढ़ाकर 24 जनवरी कर दिया गया। डूबे हुए हवाई जहाज के खोज अभियान में तीन बेहद खास पानी नीचे चलने वाले वाहनों हयूजिन एयूवी का उपयोग किया जा रहा है। इससे 14 जनवरी को एक ही दिन में सबसे अधिक 870.91 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को कवर किया गया। अब यह अभियान 7वीं आर्क के दक्षिणी हिस्से में केंद्रित है। यह वह भौगोलिक सीमा है जिसे उपग्रह संचार से मिली जानकारी के आधार पर विमान की अंतिम संभावित स्थिति माना गया है।
किन देशों के यात्री थे सवार
इस विमान में दो तिहाई यात्री चीन के थे। वहीं, अन्य लोगों में मलेशियाई, इंडोनेशियाई और ऑस्ट्रेलियन नागरिक थे। इसके अलावा यात्रियों में भारतीय, अमेरिकी, डच और फ्रेंच नागरिक भी सवार थे। चीनी यात्रियों के परिवार ने रविवार को एक ओपन लेटर प्रकाशित किया। इसमें उन्होंने हालिया सर्च के दौरान मिली जानकारी को उनसे न साझा किए जाने की आलोचना की। मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को संबोधित इस पत्र में रिश्तेदारों ने कहाकि वह इस अभियान की कठिनाई समझते हैं, लेकिन इस साल 15 जनवरी के बाद से परिजनों को कुछ भी जानकारी नहीं मिली है।
बीजिंग में परिजनों को मिला मुआवजा
बीजिंग की एक अदालत ने मलेशिया एयरलाइंस को एमएच370 उड़ान के लापता यात्रियों के आठ परिजनों को 29-29 लाख युआन (लगभग 4.10 लाख डॉलर) का मुआवजा देने का आदेश दिया है। अदालत ने कहा कि एयरलाइन को प्रत्येक परिवार को अपने प्रियजन की मृत्यु, अंतिम संस्कार खर्च और मानसिक पीड़ा के लिए क्षतिपूर्ति देनी होगी। यात्रियों के साथ क्या हुआ, यह अब भी अज्ञात है, लेकिन उन्हें कानूनी रूप से मृत घोषित किया जा चुका है। अदालत ने कहा कि अन्य 23 मामलों पर सुनवाई जारी है, जबकि 47 मामलों में परिजन एयरलाइन के साथ समझौते पर पहुंच चुके हैं और उन्होंने अपने मुकदमे वापस ले लिए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन