ईरान से जंग के बीच डोनाल्ड ट्रंप का बना चीन जाने का प्लान, अब ताइवान पर दुनिया की नजरें
चीन और अमेरिका के बीच का ट्रे़ड वॉर वर्ल्ड इकॉनमी को सीधे तौर पर प्रभावित करता है। इसके अलावा ताइवान के मसले पर भी अमेरिका और चीन के बीच तनाव बना रहा है। माना जा रहा है कि चीन की ओर से ताइवान का सवाल भी उठाया जा सकता है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मई में चीन दौरे पर जाने की तैयारी में हैं। वह बीजिंग में 14 और 15 मई को राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ मुलाकात करेंगे। बीते 8 सालों में यह अमेरिकी राष्ट्रपति का पहला चीन दौरा होगा। इससे पहले भी कई बार अमेरिकी राष्ट्रपति के चीन दौरे की योजना बनी थी, लेकिन वह सिरे नहीं चढ़ सकी। इसके चलते दुनिया की दो शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं के बीच रिश्तों को लेकर कयास लगने लगे थे। वाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलाइन लिविट ने इस दौरे की जानकारी दी है। उन्होंने यह भी कहा कि इसी साल के अंत तक किसी समय शी जिनपिंग भी अमेरिका के दौरे पर आएंगे।
डोनाल्ड ट्रंप को इसी महीने यानी मार्च में ही चीन जाना था, लेकिन ईरान में जंग होने के चलते उन्होंने वॉशिंगटन में रहने को ही प्राथमिकता दी। इस पूरी जंग की निगरानी डोनाल्ड ट्रंप कर रहे हैं। माना जा रहा है कि इजरायल भले ही इस जंग का मुख्य हिस्सा है, लेकिन अमेरिका की हरी झंडी के बाद ही ईरान पर हमले किए गए। 28 फरवरी को शुरू हुई इस जंग के पहले ही दिन ईरान के शीर्ष नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई मारे गए थे। उसके बाद से चली जंग अब भी जारी है। चीन ने भी इस जंग को अब खत्म करने की अपील की है। वहीं अमेरिका ने 15 सूत्रीय सुलह वार्ता का प्रस्ताव ईरान पर रखा है, जिसे वह स्वीकार करने के मूड में भी नहीं दिख रहा है।
चीन और अमेरिका के बीच रिश्तों में तनाव की वजह ट्रेड वॉर और ताइवान रहे हैं। ताइवान को अमेरिकी समर्थन पर चीन ऐतराज जताता रहा है। उसका कहना है कि अमेरिकी की नीति उसकी वन चाइना पॉलिसी के खिलाफ है। अब ईरान पर अमेरिकी हमले ने भी चीन को दर्द दिया है। ऐसा इसलिए क्योंकि चीन सबसे ज्यादा तेल की खरीद ईरान से ही करता है। इसके अलावा बड़े पैमाने पर चीनी उत्पादों का आयात भी ईरान करता है। अमेरिकी प्रवक्ता ने कहा कि मार्च में राष्ट्रपति को चीन जाना था। फिर ईरान में जंग के चलते इस दौरे को टाला गया था। तब ही यह तय हुआ था कि अब कम से कम 4 से 6 सप्ताह के बाद ही अब उनका दौरा होगा।
डोनाल्ड ट्रंप पर रहेगी दुनिया की नजर, चीन का दौरा बेहद अहम
ईरान में छिड़ी जंग के बीच यह दौरा अहम होगा। इस पर दुनिया भर की नजरें रहेंगी। ऐसा इसलिए क्योंकि चीन और अमेरिका के बीच का ट्रे़ड वॉर वर्ल्ड इकॉनमी को सीधे तौर पर प्रभावित करता है। इसके अलावा ताइवान के मसले पर भी अमेरिका और चीन के बीच तनाव बना रहा है। माना जा रहा है कि चीन की ओर से ताइवान का सवाल भी उठाया जा सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन