यूक्रेन को मॉस्को पर हमले का ऑफर देने वाले ट्रंप के बदले तेवर, अब कहा- हथियार दें तब भी सोचना मत
पहले यूक्रेन को मॉस्को पर हमले का ऑफर करने वाले ट्रंप के तेवर अचानक बदल गए हैं। उन्होंने कहा कि भले ही यूक्रेन को लंबी दूरी वाली मिसाइलें मिल जाएं, लेकिन वो मॉस्को पर हमले की न सोचे।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यूक्रेन को रूसी राजधानी मॉस्को को निशाना नहीं बनाना चाहिए, भले ही उसे लंबी दूरी की मिसाइलें दी जाएं। यह बयान ऐसे समय आया है जब एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि ट्रंप ने 4 जुलाई को यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत में पूछा था कि यदि अमेरिका उसे पर्याप्त रेंज वाले हथियार दे दे तो क्या कीव मॉस्को और सेंट पीटर्सबर्ग को निशाना बना सकता है।
इस रिपोर्ट को लेकर जब मंगलवार को ट्रंप से सवाल किया गया कि क्या यूक्रेन को मॉस्को पर हमला करना चाहिए, तो उन्होंने साफ कहा—“नहीं करना चाहिए।” साथ ही उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि फिलहाल अमेरिका कीव को लंबी दूरी की मिसाइलें देने की योजना नहीं बना रहा है।
वाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बाद में बयान जारी कर कहा कि “राष्ट्रपति ट्रंप ने केवल एक सवाल पूछा था, वह यूक्रेन को और अधिक हमलों के लिए उकसा नहीं रहे थे।” उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्ट को गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया गया है।
यूक्रेन नीति में ट्रंप का बदला रुख
दिलचस्प बात यह है कि ट्रंप ने हाल ही में अपने यूक्रेन नीति में अचानक बदलाव करते हुए यूक्रेन को अधिक हथियार देने की घोषणा की थी। साथ ही रूस के व्यापारिक साझेदारों पर प्रतिबंध लगाने की चेतावनी भी दी है, यदि अगले 50 दिनों में शांति समझौता नहीं होता।
यूक्रेन युद्ध रुकवाने को कुछ भी करेंगे ट्रंप
ट्रंप ने जनवरी में वाइट हाउस लौटने के बाद यूक्रेन को सहायता देने को "अमेरिका पर बोझ" बताया था और जेलेंस्की पर शांति प्रयासों में बाधा डालने का आरोप लगाया था। लेकिन हाल के हफ्तों में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की बातचीत से लगातार इनकार और युद्धविराम को लेकर जिद के चलते ट्रंप के रुख में बदलाव देखा गया है।
पुतिन की धमकी पर रूस का जवाब
मंगलवार को क्रेमलिन ने ट्रंप के हालिया बयानों, खासकर प्रतिबंधों की धमकी को "बहुत गंभीर" नहीं बताया, लेकिन यह जरूर कहा कि मॉस्को को इसकी समीक्षा करने की जरूरत है। रूस ने ट्रंप की धमकियों पर कहा था कि वह इन्हें सीरियस नहीं लेता।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन