Donald Trump Says Canada Lives Because of US after Mark Carney slams US in WEF Davos हमारी वजह से जिंदा हो, अगली बार बयान दो तब याद रखना; आईना दिखाया तो कार्नी पर भड़क उठे ट्रंप, International Hindi News - Hindustan
More

हमारी वजह से जिंदा हो, अगली बार बयान दो तब याद रखना; आईना दिखाया तो कार्नी पर भड़क उठे ट्रंप

इससे पहले मार्क कार्नी ने दावोस में अपने बयान में कहा था कि अमेरिकी नेतृत्व वाली वैश्विक व्यवस्था का वर्चस्व प्रभावी रूप से खत्म हो चुका है और पुरानी नियम-आधारित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था की धारणाएं अब काम नहीं करतीं।

Thu, 22 Jan 2026 07:25 AMJagriti Kumari ब्लूमबर्ग
share
हमारी वजह से जिंदा हो, अगली बार बयान दो तब याद रखना; आईना दिखाया तो कार्नी पर भड़क उठे ट्रंप

दावोस में चल रहे वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में बुधवार को पूरी दुनिया के सामने अमेरिका की धौंस को चुनौती देकर कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सबको चौंका दिया था। बीते एक साल में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी वाली नीतियों की ओर इशारा करते हुए मार्क कार्नी ने साफ शब्दों में यह संदेश दे दिया कि अमेरिकी नेतृत्व वाली वैश्विक व्यवस्था का दौर अब खत्म हो चुका है। इस तरह वैश्विक मंच पर आईना दिखाए जाने के बाद अब डोनाल्ड ट्रंप आग-बबूला हो उठे हैं। ट्रंप ने कार्नी पर गुस्सा जाहिर करते हुए कहा है कि कनाडा अमेरिका की वजह से ही जिंदा है और उसे इसके लिए शुक्रगुजार रहना चाहिए।

विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) में अपनी 70 मिनट की स्पीच के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड के मुद्दे पर पश्चिमी देशों के प्रति अपना गुस्सा जाहिर किया। इस दौरान ट्रंप ने पड़ोसी मुल्क कनाडा की ओर रुख करते हुए कहा कि अमेरिका की वजह से ही कनाडा सुरक्षित है। उन्होंने आगे कहा कि उनका प्रस्तावित 'गोल्डन डोम' एयर डिफेंस सिस्टम कनाडा की भी रक्षा करेगा। ट्रंप ने कहा, "कनाडा को हमारी तरफ से काफी चीजें मुफ्त मिल जाती हैं। उन्हें इसके लिये शुक्रगुजार होना चाहिये, लेकिन ऐसा नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा, मैंने आपके प्रधानमंत्री को कल देखा। वह बहुत शुक्रगुज़ार नजर नहीं आए। कनाडा, उन्हें हमारे प्रति एहसानमंद होना चाहिये। कनाडा अमेरिका की वजह से ही जिंदा है। अगली बार जब तुम बयान दो, इसे याद रखना मार्क।"

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:वर्चस्व खत्म, दुनिया में US की चौधराहट नहीं चलेगी; कनाडाई PM का दावोस से धमाका
ये भी पढ़ें:अहसानफरामोश है डेनमार्क, लेकर रहेंगे ग्रीनलैंड; दावोस में ट्रंप की 10 बड़ी बातें

कार्नी ने क्या कहा था?

इससे पहले मंगलवार को कनाडाई प्रधानमंत्री कार्नी के भाषण ने खूब हलचल मचाई। हालांकि कार्नी ने अपने भाषण के दौरान ट्रंप का नाम नहीं लिया, लेकिन उन्होंने दुनिया में अमेरिका की चौधराहट को सीधी चुनौती दे दी। कार्नी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय नियम-आधारित व्यवस्था प्रभावी रूप से मर चुकी है और दुनिया एक ऐसे युग में पहुंच गई है जहां सबसे शक्तिशाली लोग आर्थिक एकीकरण को जबरदस्ती की तरह इस्तेमाल कर अपने हितों को साधते हैं।" कार्नी ने आगे कहा कि दुनिया के छोटे देशों को एक साथ मिलकर इसका विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा, "मध्यम शक्तियों को एक साथ काम करना चाहिए क्योंकि अगर आप मेज पर नहीं हैं, तो आप ही मेनू पर हैं।"

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।