Donald Trump message to Iranian supreme leader after refusal to surrender Good luck On Striking says I May Do It may not खामेनेई ने US को दी गीदड़भभकी तो ट्रंप बोले- 'गुड लक', अगले हफ्ते कुछ बड़ा होगा, International Hindi News - Hindustan
More

खामेनेई ने US को दी गीदड़भभकी तो ट्रंप बोले- 'गुड लक', अगले हफ्ते कुछ बड़ा होगा

इस बीच, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघई ने अल जजीरा समाचार चैनल पर प्रसारित एक साक्षात्कार के दौरान कहा कि इजरायल-ईरान जंग में अमेरिका का किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप इस क्षेत्र में पूर्ण युद्ध का कारण होगा।

Wed, 18 June 2025 10:59 PMPramod Praveen लाइव हिन्दुस्तान, वॉशिंगटन
share
खामेनेई ने US को दी गीदड़भभकी तो ट्रंप बोले- 'गुड लक', अगले हफ्ते कुछ बड़ा होगा

इजरायल के भीषण हमलों के बीच ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने बुधवार को आत्मसमर्पण करने के अमेरिकी आह्वान को ना सिर्फ खारिज कर दिया बल्कि अमेरिका को गीदड़भभकी भी दी कि अगर वह जंग में कूदा तो किसी भी सैन्य भागीदारी से उसे ‘अपूरणीय क्षति’ का सामना करना पड़ेगा। सरकारी टेलीविजन पर ईरान के सर्वोच्च नेता का बयान प्रसारित किया गया।

ईरान के सर्वोच्च नेता के बयान पर जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि क्या अमेरिका ईरान पर हमले की योजना बना रहा है तो ट्रंप ने इसकी पुष्टि करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी हो भी सकता है और ऐसा नहीं भी हो सकता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि ईरान की तरफ से बातचीत का प्रस्ताव आया है लेकिन अब बहुत देर हो चुकी है।

कोई नहीं जानता कि मैं क्या करने वाला हूं: ट्रंप

वाइट हाउस के बाहर संवाददाताओं से ट्रंप ने कहा, "अब और एक हफ्ते पहले की स्थिति में बड़ा फर्क है। कोई नहीं जानता कि मैं क्या करने वाला हूं। अगला हफ्ता बड़ा हो सकता है, शायद एक हफ्ते से भी कम वक्त में कुछ बड़ा हो सकता है।" जब उनसे खामनेई के बारे में पूछा गया तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा, "गुड लक"। अमरिकी राष्ट्रपति के इस रुख से इस बात की आशंकाएं बढ़ गई हैं कि अगले हफ्ते अमेरिका इजरायल के साथ ईरान के जंग में प्रवेश कर सकता है और ईरानी परमाणु ठिकानों पर हमले कर सकता है।

हमारा धैर्य पहले ही जवाब दे चुका है: ट्रंप

इसकी संभावना और अटकलें इसलिए भी लगनी शुरू हो गई हैं क्योंकि ट्रंप ने कहा, "हमारा धैर्य पहले ही जवाब दे चुका है, इसलिए हम वही कर रहे हैं जो हमें करना चाहिए।" ट्रंप की तरफ से ये टिप्पणियाँ तब आई हैं जब ट्रम्प ईरानी परमाणु ठिकानों पर हमला करने के लिए अमेरिकी सैन्य परिसंपत्तियों का उपयोग करने के लिए तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं। ट्रंप इजरायल के साथ तेहरान के बढ़ते संघर्ष को पूरी तरह से खत्म करने के इच्छुक हैं। एक दिन पहले भी उन्होंने कहा था कि वह युद्धविराम नहीं बल्कि युद्ध का पूरी तरह से अंत चाहते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ईरान से निकल छात्रों का पहला जत्था पहुंच रहा दिल्ली, 3 चरणों में कैसे हुई निकासी
ये भी पढ़ें:ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत का ऑपरेशन सिंधु, इजरायल-ईरान युद्ध के चलते फैसला
ये भी पढ़ें:दोस्त ईरान पर इजरायल के भीषण हमले के 5 दिन बाद जिनपिंग ने तोड़ी चुप्पी;क्या बोले
ये भी पढ़ें:हरगिज नहीं करेंगे सरेंडर; खामेनेई ने दी US को धमकी- जंग में कूदा तो चुकाएगा कीमत

एक दिन पहले किया था बिना शर्त आत्मसमर्पण’ का आह्वान

इससे एक दिन पहले डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक ‘पोस्ट’ में ईरान से ‘बिना शर्त आत्मसमर्पण’ करने का आह्वान किया था। ट्रंप ने कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई को मारने की फिलहाल कोई योजना नहीं है। शुरुआत में जहां राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद को इजराइली हमलों से दूर रखा था लेकिन उन्होंने अमेरिका की अधिक भागीदारी का संकेत देते हुए कहा कि वह युद्ध विराम से कहीं अधिक ‘बड़ा’ चाहते हैं। अमेरिका ने इस क्षेत्र में और अधिक युद्धक विमान भी भेजे हैं।

खामनेई ने दी अमेरिका को अपूरणीय क्षति की धमकी

बिना शर्त आत्मसमर्पण की नसीहत पर आज खामनेई ने ईरानी टीवी पर देश के नाम संबोधन में ट्रंप के बयानों को धमकी भरा और बेतुका बताया और उसे खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘बुद्धिमान व्यक्ति जो ईरान, उसके लोगों और उसके इतिहास को जानते हैं, वे इस राष्ट्र से कभी भी धमकी भरी भाषा में बात नहीं करते, क्योंकि ईरान आत्मसमर्पण करने वाला देश नहीं है।’’ खामेनेई ने कहा, ‘‘अमेरिकियों को यह पता होना चाहिए कि अमेरिका की किसी भी सैन्य भागीदारी से निस्संदेह उसे अपूरणीय क्षति होगी।’’

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।