ट्रेन में ना चढ़ें, जान को खतरा; ट्रंप की धमकी के बीच इजरायल ने ईरानियों को दी वॉर्निंग
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को धमकी दी है कि मंगलवार रात 8 बजे तक अगर वह होर्मुज खोलने पर राजी नहीं हुआ तो उसके पुलों और पावर स्टेशनों को तबाह कर कर दिया जाएगा। अब इजरायल ने ईरानियों को सलाह दी है कि वे ट्रेन से सफर ना करें।

डोनाल्ड ट्रंप की 8 बजे वाली धमकी के बीच इजरायली सेना ने ईरान के नागरिकों को आगाह करते हुए कहा कि वे कम से कम 12 घंटे ट्रेन का इस्तेमाल ना करें। फारसी भाषा में जारी किए गए संदेश में इजरायल ने कहा है कि स्थानीय समयानुसार कम से कम रात नौ बजे तक ट्रेन में यात्रा करने से बचें। इससे संकेत मिला है कि इजराइल के हवाई हमलों में नयी जगहों को निशाना बनाया जा सकता है। सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में यह चेतावनी दी गई है।
ईरान में बंद है इंटरनेट
पोस्ट में कहा गया है, 'आपकी मौजूदगी आपके जीवन को खतरे में डाल सकती है।' ईरान में कई सप्ताह से इंटरनेट पर पाबंदी है, लिहाजा ये मुश्किल लगता है कि साधारण ईरानी इस चेतवानी को देख पाएंगे। इसी धमकी को देखते हुए सऊदी अरब ने उसके तेल समृद्ध पूर्वी प्रांत पर ईरान के मिसाइल हमलों के बाद बहरीन से जोड़ने वाले एकमात्र सड़क मार्ग को मंगलवार को बंद कर दिया। वहीं, ईरानी अधिकारियों ने युवाओं से बिजली संयंत्रों की सुरक्षा के लिए मानव श्रृंखला बनाने की अपील की, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा तय की गई समयसीमा नजदीक आ रही है, जिसमें ईरान से होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने की मांग की गई है।
ईरान बोला-युद्ध का स्थायी अंत चाहिए
ट्रंप ने धमकी दी है कि यदि ईरान मंगलवार रात आठ बजे तक इस रणनीतिक जलमार्ग में जहाजों की आवाजाही पूरी तरह बहाल नहीं करता, तो वह ईरान के सभी बिजली संयंत्रों और पुलों पर बमबारी करेंगे। ट्रंप ने कहा, ''पूरे देश को एक रात में खत्म किया जा सकता है।'' ईरान ने 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद इस जलमार्ग में जहाजों की आवाजाही रोक दी थी, जिससे युद्ध शुरू हुआ। सोमवार को तेहरान ने 45 दिन के युद्धविराम प्रस्ताव को खारिज करते हुए कहा कि वह युद्ध का स्थायी अंत चाहता है।
ईरान ने सऊदी अरब पर दागीं मिसाइलें
मंगलवार तड़के तेहरान ने सऊदी अरब पर सात बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिन्हें बीच हवा में ही रोक दिया गया, लेकिन उनका मलबा ऊर्जा प्रतिष्ठानों के पास गिरा। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मालकी ने कहा कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस बीच, सऊदी अरब ने 'किंग फहद कॉजवे' को बंद करने की घोषणा की, जो सऊदी अरब को बहरीन से जोड़ने वाला 25 किलोमीटर लंबा एकमात्र सड़क मार्ग है। बहरीन में अमेरिकी नौसेना का पांचवां बेड़ा तैनात है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन