खून की हर बूंद की कीमत चुकानी होगी, लारीजानी की मौत पर भड़के मोजतबा खामेनेई; बदला लेने का ऐलान
मोजतबा खामेनेई ने दो टूक कहा है कि इस मौत का बदला जरूर लेंगे। खामेनेई की तरफ से यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान और इजरायल के बीच संघर्ष तेजी से बढ़ता जा रहा है और क्षेत्र में तनाव चरम पर है।
ईरान के शीर्ष नेतृत्व पर लगातार हो रहे हमलों के बीच देश के सर्वोच्च नेता मोतजबा खामेनेई ने कड़ा बयान जारी करते हुए कहा है कि ईरानी सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी की हत्या के जिम्मेदार “अपराधियों को बहुत जल्द इसकी कीमत चुकानी होगी।” मोजतबा खामेनेई ने दो टूक कहा है कि इस मौत का बदला जरूर लेंगे। खामेनेई की तरफ से यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान और इजरायल के बीच संघर्ष तेजी से बढ़ता जा रहा है और क्षेत्र में तनाव चरम पर है।
मोजतबा खामेनेई ने अपनी सरकार द्वारा ईरानी सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी की हत्या की पुष्टि किए जाने के लगभग एक दिन बाद एक सार्वजनिक बयान जारी किया है। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम द्वारा जारी एक बयान में, खामेनेई ने कहा कि उन्हें लारीजानी की मौत का समाचार "गहरे खेद" के साथ मिला; उन्होंने लारीजानी को एक "बुद्धिमान, समर्पित व्यक्ति" और ईरान की राजनीतिक व्यवस्था में एक विशिष्ट हस्ती बताया।
'खून का बदला जरूर लिया जाएगा’
सर्वोच्च नेता ने आगे कहा, "ऐसी हस्ती की हत्या निस्संदेह उनके महत्व की सीमा और इस्लाम के दुश्मनों की उनके प्रति नफरत को दर्शाती है।" बयान में खामेनेई ने कहा, “इस्लाम-विरोधियों को यह जान लेना चाहिए कि इस्लामी व्यवस्था के वृक्ष की जड़ों में यह खून बहाने से वह व्यवस्था और अधिक मजबूत होती है; और निश्चित रूप से, खून की हर बूंद की एक कीमत होती है, जिसे इन शहीदों के अपराधी हत्यारों को जल्द ही चुकानी होगी।”
रूस सहित कई देशों ने की निंदा
मोजतबा के बयान से यह साफ हो गया है कि ईरान इस हत्या का बदला लिए बिना चुप नहीं बैठेगा और दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी ईरानी नेतृत्व कई बार “कड़े प्रतिशोध” की चेतावनी दे चुका है, जिससे क्षेत्र में बड़े टकराव की आशंका बढ़ गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल के दिनों में ईरान के कई बड़े नेताओं को निशाना बनाया गया है, जिससे देश की सत्ता संरचना पर गहरा असर पड़ा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह रणनीतिक हमले हैं। इनका उद्देश्य ईरान के नेतृत्व को कमजोर करना हो सकता है। इस घटनाक्रम पर वैश्विक स्तर पर भी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। रूस सहित कई देशों ने ऐसे हमलों की निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ बताया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन