बेहद दर्दनाक होगा बदलाव… AI को लेकर इंजीनियर की डराने वाली भविष्यवाणी, क्या चेतावनी?
बोरिस चेर्नी को क्लॉड कोड बनाने का श्रेय दिया जाता है। सैन फ्रांसिस्को स्थित लैब एंथ्रॉपिक ने फरवरी में अपना Claude Opus 4.6 मॉडल लॉन्च किया था।

पूरी दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI से जन्मी क्रांति को लेकर उथल पुथल मची हुई है। कोई इसे मानव के लिए वरदान तो कोई इंसानों के लिए अभिशाप बता रहा है। इसे लेकर एक्सपर्ट्स के बीच दो मत देखने को मिल रहा है। इस बीच हाल ही में एंथ्रॉपिक कंपनी के वरिष्ठ इंजीनियर ने कहा है कि नई पीढ़ी के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एजेंट देश में लगभग हर इंटरनेट आधारित नौकरियों के लिए खतरा हैं। बोरिस चर्नी ने एक पॉडकास्ट में कहा कि अब एआई चैटबॉट्स कंप्यूटर को खुद ऑपरेट करने में सक्षम होंगी और इससे नौकरी का ढांचा ही बदल जाएगा।
पॉडकास्ट में इस मसले पर बात करते हुए चर्नी ने कहा कि एंथ्रॉपिक जैसी कंपनियों के एआई सिस्टम अब वर्कप्लेस के कंप्यूटर टूल्स पर सीधे काम कर सकते हैं। यह टेक्नोलॉजी सॉफ्टवेयर इंजीनियर, प्रोडक्ट मैनेजर, डिजाइनर और अन्य नॉलेज वर्कर्स की भूमिकाओं को खत्म कर सकता है। उन्होंने कहा, “लगभग हर वह काम जो कंप्यूटर पर किया जा सकता है, AI वहां तक पहुंच जाएगा।” हालांकि उन्होंने माना कि यह बदलाव कई लोगों के लिए दर्दनाक और होगा।
AI कोडिंग एजेंट ने मचाई हलचल
बता दें कि चर्नी को एंथ्रॉपिक में क्लॉड कोड तैयार करने का श्रेय दिया जाता है। सैन फ्रांसिस्को स्थित लैब एंथ्रॉपिक ने फरवरी में अपना Claude Opus 4.6 मॉडल लॉन्च किया था। यह एक AI कोडिंग एजेंट है, जिसके लॉन्च होते ही शेयर बाजार में हलचल मच गई थी और टेक शेयरों में तेज गिरावट आई थी। कंपनी के अनुसार नया एआई लंबे समय तक और ज्यादा भरोसेमंद तरीके से काम कर सकता है।
क्यों खास?
पारंपरिक एआई चैटबॉट्स जहां सिर्फ टेक्स्ट और तस्वीरें बना सकते हैं, वहीं एंथ्रॉपिक का यह AI एजेंट कमांड चला सकता है, दस्तावेजों का विश्लेषण कर सकता है, सहकर्मियों को संदेश भेज सकता है, अलग-अलग ऐप्स पर काम पूरा कर सकता है और वेबसाइट भी बना सकता है। यानी क्लॉड कोड तेजी से वह काम कर सकता है जो इंसान कंप्यूटर पर करते हैं। हालांकि कंपनी ने हाल ही में कहा है कि यह अभी पूरी तरह कुशल इंसानों जैसा काम करने में सक्षम नहीं है, लेकिन उस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
चेर्नी ने कहा कि यह टेक्नोलॉजी उन लोगों तक भी एजेंटिक एआई का अनुभव पहुंचा रही है, जिन्होंने पहले इसका इस्तेमाल नहीं किया था। उन्होंने बताया कि उनकी अपनी टीम अब इस एआई टूल का इस्तेमाल कर ज्यादा तेजी से काम कर रही है और प्रति इंजीनियर उत्पादकता बढ़ी है। उनका मानना है कि आने वाले समय में ये मॉडल और बेहतर होंगे।

लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन