‘हम पाकिस्तान से बेहद खुश’, दोस्त की किस बात पर फूलकर कुप्पा हुए चीनी राष्ट्रपति
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सोमवार को कहाकि पाकिस्तान की सामाजिक विकास क्षेत्र उपलब्धियों से बीजिंग वास्तव में प्रसन्न है। जिनपिंग ने यह टिप्पणी पाकिस्तान दिवस के अवसर पर पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी को भेजे संदेश में की।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सोमवार को कहाकि पाकिस्तान की सामाजिक विकास क्षेत्र उपलब्धियों से बीजिंग वास्तव में प्रसन्न है। जिनपिंग ने यह टिप्पणी पाकिस्तान दिवस के अवसर पर पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी को भेजे संदेश में की। उन्होंने कहाकि पाकिस्तान की सरकार और जनता ने लंबे समय से राष्ट्रीय संप्रभुता, स्वतंत्रता, क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्रीय गरिमा की दृढ़ता से रक्षा की है। उन्होंने कहाकि पाकिस्तान ने विभिन्न जोखिमों और चुनौतियों का सामना करते हुए राष्ट्रीय विकास को आगे बढ़ाया है और क्षेत्रीय शांति, स्थिरता तथा विकास में योगदान दिया है।
कूटनीतिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ
इसके अलावा जिनपिंग ने दोनों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की जरूरत पर जोर देते हुए कहाकि एक घनिष्ठ मित्र के रूप में चीन, पाकिस्तान की विकास उपलब्धियों से अत्यंत प्रसन्न है। उन्होंने कहाकि इस साल चीन की 15वीं पंचवर्षीय योजना की शुरुआत और चीन-पाकिस्तान कूटनीतिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ है।
जिनपिंग ने उम्मीद जताई कि दोनों देश पारंपरिक मित्रता को आगे बढ़ाते हुए रणनीतिक संवाद और विकास रणनीतियों के समन्वय को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहाकि चीन नए युग में साझा भविष्य वाले और अधिक घनिष्ठ चीन-पाकिस्तान समुदाय के निर्माण के लिए तैयार है, जिससे दोनों देशों के लोगों को अधिक लाभ मिलेगा।|
ईरान को लेकर दोनों की राय एक
गौरतलब है कि चीन और पाकिस्तान के रिश्ते काफी अच्छे रहे हैं। पिछले दिनों पाकिस्तान और चीन ने पश्चिम एशिया में तनाव कम करने का आह्वान किया और मतभेदों को दूर करने के लिए संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों के अनुसार संवाद और कूटनीति का सहारा लेने की जरूरत पर जोर दिया। ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद पाकिस्तानी विदेश ऑफिस की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, विदेश मंत्री इसहाक डार ने चीनी विदेश मंत्री वांग यी के साथ टेलीफोन पर बातचीत की और क्षेत्रीय स्थिति एवं व्यापक वैश्विक घटनाक्रम पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन