Big jolt to Donald Trump ahead Hormuz blockade threat to Iran, UK Australia denies to help or participate हमारा युद्ध नहीं, हम ना फंसेंगे; होर्मुज प्लान पर ट्रंप को बड़ा झटका, दोस्तों ने काटी कन्नी, फटकारा भी, International Hindi News - Hindustan
More

हमारा युद्ध नहीं, हम ना फंसेंगे; होर्मुज प्लान पर ट्रंप को बड़ा झटका, दोस्तों ने काटी कन्नी, फटकारा भी

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने स्पष्ट किया है कि उनका देश ईरान के खिलाफ अमेरिका के नेतृत्व वाली किसी भी नौसैनिक नाकेबंदी में शामिल नहीं होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि ब्रिटेन को ईरान के साथ युद्ध में नहीं घसीटा जाएगा।

Mon, 13 April 2026 04:34 PMPramod Praveen लाइव हिन्दुस्तान, तेहरान/वॉशिंगटन
share
हमारा युद्ध नहीं, हम ना फंसेंगे; होर्मुज प्लान पर ट्रंप को बड़ा झटका, दोस्तों ने काटी कन्नी, फटकारा भी

इस्लामाबाद में 21 घंटे की ईरान और अमेरिका की मैराथन बातचीत नाकाम होने के बाद सोमवार (13 अप्रैल) को मिडिल-ईस्ट में तनाव और बढ़ गया और यह चरम स्थिति पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ी सामुद्रिक नौसैनिक नाकेबंदी का ऐलान किया है और कहा है कि अमेरिकी सेना आज दोपहर (14:00 GMT/10:00 AM ET) भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे से ईरानी बंदरगाहों में आने-जाने वाले सभी जहाजों की नाकेबंदी (Blockade) शुरू करेगी। अमेरिका का कहना है कि होर्मुज समुद्री मार्ग में वह उन जहाजों को रोकेगा और तलाशी लेगा जिन्होंने ईरान को टोल दिया है या जो ईरानी बंदरगाहों की ओर जा रहे हैं। हालांकि, गैर-ईरानी बंदरगाहों के लिए जाने वाले जहाजों को रास्ता दिया जाएगा। इसके साथ ही ट्रंप की इस चेतावनी का काउंटडाउन शुरू हो चुका है।

दूसरी तरफ, ईरान के सशस्त्र बलों ने दो टूक कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उसके बंदरगाहों की सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ, तो क्षेत्र का कोई भी बंदरगाह सुरक्षित नहीं रहेगा। ईरान ने अमेरिकी नाकेबंदी को 'समुद्री डकैती' करार देते हुए कहा कि ये रणनीतिक जल क्षेत्र 'या तो सबके लिए सुरक्षित होंगे या किसी के लिए भी नहीं।' इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग' (आईआरआईबी) के अनुसार, ''फारस की खाड़ी और ओमान सागर में सुरक्षा या तो सभी के लिए होगी या किसी के लिए भी नहीं।'' ईरानी सेना ने कहा, ''इस क्षेत्र का कोई भी बंदरगाह सुरक्षित नहीं रहेगा।''

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ईरान को चीन दे रहा हथियार? ड्रैगन ने साफ-साफ दिया जवाब, होर्मुज पर भी बोला

ब्रिटिश पीएम की दो टूक- हम नहीं फंसने वाले

इस बीच, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने स्पष्ट किया है कि उनका देश ईरान के खिलाफ अमेरिका के नेतृत्व वाली किसी भी नौसैनिक नाकेबंदी में शामिल नहीं होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि ब्रिटेन को ईरान के साथ युद्ध में नहीं घसीटा जाएगा। स्टार्मर ने कहा कि होर्मुज समुद्री मार्ग को नौवहन के लिए पूरी तरह खुला रखना उनकी प्राथमिकता है, क्योंकि इसके बंद होने से वैश्विक ऊर्जा बाजार प्रभावित हो रहे हैं और लोगों के लिए बिजली-गैस के बिल बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, “यह हमारा युद्ध नहीं है और हम इसमें नहीं फंसेंगे।”

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:खाड़ी में हर बंदरगाह होगा निशाने पर; होर्मुज नाकाबंदी पर ईरान, US को बड़ी धमकी

आस्ट्रेलियाई पीएम का भी किनारा

इसी तरह, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने भी कहा कि उन्हें अमेरिका से नाकेबंदी में शामिल होने का कोई अनुरोध नहीं मिला है और वे अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून के सम्मान के पक्ष में हैं। इस बीच, तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फिदान ने उम्मीद जताई कि होर्मुज समुद्री मार्ग का मुद्दा निकट भविष्य में कूटनीतिक रास्तों से सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि इसके विनियमन (रेगुलेशन) में कुछ बदलाव संभव हैं। उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए मौजूदा युद्धविराम को 45 से 60 दिनों के लिए बढ़ाने का सुझाव भी दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राजनीति मत करो… अब पोप लियो के पीछे पड़े डोनाल्ड ट्रंप, खुद को बता दिया ईसा मसीह

बिना किसी भेदभाव के लागू की जाएगी

उधर, अमेरिकी सेना के सेट्रंल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि यह नाकाबंदी "सभी देशों के जहाजों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के लागू की जाएगी।" हालाँकि, उसने यह भी कहा कि जो जहाज गैर-ईरानी बंदरगाहों के बीच यात्रा कर रहे हैं, उन्हें अभी भी होर्मुज़ रास्ते से गुजरने की अनुमति होगी। एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि इस कदम का मकसद ईरान के प्रभाव की सीमाओं को दिखाना है, क्योंकि बातचीत रुक गई है।

होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही पर बुरा असर

बता दें कि यह युद्ध, जो अब अपने सातवें हफ़्ते में है, पहले ही हज़ारों लोगों की जान ले चुका है और वैश्विक बाज़ारों को अस्त-व्यस्त कर चुका है। इस तनाव के बीच, होर्मुज़ स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही पर बुरा असर पड़ा है। लॉयड्स लिस्ट इंटेलिजेंस ने लिखा है कि ट्रम्प की चेतावनी के बाद होर्मुज स्ट्रेट में सारा ट्रैफिक रुक गया है। समाचार एजेंसी AP ने भी बताया कि दो जहाज़ जो होर्मुज स्ट्रेट से बाहर निकल रहे थे, वे कथित तौर पर वापस लौट आए। यह तब हुआ जब दुश्मनी में पहले आए ठहराव के बाद सीमित ट्रैफिक फिर से शुरू ही हुआ था। (एजेंसी इनपुट्स के साथ)

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।