Amid US Iran Tensions Iraq Gets a New President Who is Nizar Amidi अमेरिका और ईरान तनाव के बीच इराक को मिला नया राष्ट्रपति, कौन हैं निजार अमीदी, International Hindi News - Hindustan
More

अमेरिका और ईरान तनाव के बीच इराक को मिला नया राष्ट्रपति, कौन हैं निजार अमीदी

शनिवार को हुए पहले दौर के मतदान में किसी भी उम्मीदवार को आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिला, लेकिन निजार अमीदी अन्य 15 उम्मीदवारों से काफी आगे थे और उन्हें पहले दौर में 208 वोट मिले। दूसरे उम्मीदवार (कुर्दिस्तान इस्लामिक यूनियन ब्लॉक के सांसद मुथन्ना अमीन नादेर) को 17 वोट मिले।

Mon, 13 April 2026 06:34 AMNisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
share
अमेरिका और ईरान तनाव के बीच इराक को मिला नया राष्ट्रपति, कौन हैं निजार अमीदी

इराक की संसद ने शनिवार को देश की दो प्रमुख कुर्द पार्टियों में से एक के राजनीतिक अधिकारी निजार अमीदी को राष्ट्रपति के रूप में चुना। यह चुनाव पांच महीने पहले हुए संसदीय चुनाव के बाद हुआ है, जिसमें किसी भी पार्टी को निर्णायक बहुमत नहीं मिला था। उनका चुनाव ऐसे समय में हुआ है जब इराक अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए युद्ध से बने हालात से जूझ रहा है।

इराक पर कैसे असर

इराक भी इस संघर्ष में फंसा है, जहां ईरान समर्थित लड़ाकों ने अमेरिकी ठिकानों और राजनयिक सुविधाओं के साथ-साथ महत्वपूर्ण ऊर्जा ठिकानों पर हमले किए। वहीं, अमेरिका और इजरायल ने ईरान समर्थित लड़ाकों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए, जिनमें से कुछ में इराकी सेना के जवान मारे गए। युद्ध और ईरान द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने से तेल निर्यात काफी हद तक रुक गया है जिसपर इराक की अर्थव्यवस्था निर्भर है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ईरान में उलझे ट्रंप को कनाडा ने दिया झटका, दशकों पुरानी रक्षा परंपरा की खत्म

चुनाव

कुर्दिस्तान पैट्रियाटिक यूनियन पार्टी के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य अमीदी ने दिग्गज उम्मीदवारों को हराया, जिनमें इराक के वर्तमान विदेश मंत्री फुआद हुसैन भी शामिल थे। हुसैन को प्रतिद्वंद्वी कुर्दिस्तान डेमोक्रेटिक पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया था। परंपरा के अनुसार, इराक का राष्ट्रपति हमेशा कुर्द होता है, जबकि अधिक शक्तिशाली प्रधानमंत्री शिया और संसदीय अध्यक्ष सुन्नी होते हैं।

राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान संवैधानिक रूप से तय समय सीमा से दो महीने से अधिक समय बाद हुआ, जिसके अनुसार नवनिर्वाचित संसद के पहले सत्र के 30 दिनों के भीतर राष्ट्रपति का चुनाव होना अनिवार्य है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तेल के लिए होगा हाहाकार! ईरानी पोर्ट्स पर आज से US का पहरा; होर्मुज पर कितना असर

कौन हैं निजार अमीदी

उत्तरी इराक के दोहुक प्रांत में जन्मे और पेशे से इंजीनियर अमीदी ने इससे पहले दो अन्य राष्ट्रपतियों, जलाल तालाबानी और फौआद मासूम के सहायक के रूप में कार्य किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमीदी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 1993 से 2003 तक 'पैट्रियोटिक यूनियन ऑफ कुर्दिस्तान' के महासचिव के कार्यालय से की थी। बाद में वे पार्टी में ऊंचे पदों पर पहुंचे, इसके 'पॉलिटिकल ब्यूरो' के सदस्य बने और 2024 में इसके बगदाद कार्यालय के प्रमुख बने। 2022 में अमीदी पर्यावरण मंत्री के रूप में प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी की सरकार में शामिल हुए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:डील होने ही वाली थी कि..., ईरान ने बताया कहां फेल हुई पाकिस्तान में US से बात

किसी को नहीं मिला था बहुमत

शनिवार को हुए पहले दौर के मतदान में किसी भी उम्मीदवार को आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिला, लेकिन अमीदी अन्य 15 उम्मीदवारों से काफी आगे थे और उन्हें पहले दौर में 208 वोट मिले। दूसरे उम्मीदवार (कुर्दिस्तान इस्लामिक यूनियन ब्लॉक के सांसद मुथन्ना अमीन नादेर) को 17 वोट मिले। इसके बाद संसद ने दूसरे दौर का मतदान शुरू किया, जहां साधारण बहुमत से विजेता का निर्धारण होता है। दूसरे दौर में अमीदी को 227 वोट मिले, जबकि नादेर को 15 वोट प्राप्त हुए।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।