Himachal kal ka mausam Heatwave Alert Issued Relief Expected with Rain from April 28 हिमाचल में आज-कल हीट वेव का अलर्ट, 28 से 30 अप्रैल तक बारिश-आंधी से मिलेगी राहत, Shimla Hindi News - Hindustan
More

हिमाचल में आज-कल हीट वेव का अलर्ट, 28 से 30 अप्रैल तक बारिश-आंधी से मिलेगी राहत

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की गतिविधि हो सकती है, लेकिन 26 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 27 अप्रैल को फिर से कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

Sat, 25 April 2026 10:54 AMMohit लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share
हिमाचल में आज-कल हीट वेव का अलर्ट, 28 से 30 अप्रैल तक बारिश-आंधी से मिलेगी राहत

हिमाचल प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और हालात ऐसे हो गए हैं कि पहाड़ों में भी लोगों को तपिश का सामना करना पड़ रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया। ऊना सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। इसके अलावा भुंतर, सुंदरनगर और धर्मशाला जैसे शहरों में भी अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री के बीच रहा, जो सामान्य से काफी ज्यादा है। मौसम विभाग ने साफ किया है कि आज 25 अप्रैल और कल 26 अप्रैल को गर्मी और अधिक तीखी रहने के आसार हैं, जिसके चलते दो दिनों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है।

गर्मी के इस बढ़ते असर का अंदाजा न्यूनतम तापमान से भी लगाया जा सकता है, जो लगातार बढ़ रहा है। कुकुमसेरी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि इसके बाद ताबो में 8.4 डिग्री, कल्पा में 9.4 डिग्री, सराहन में 11.4 डिग्री, मनाली में 13.3 डिग्री, सेओबाग में 13.5 डिग्री और भरमौर में 14 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। इसके अलावा भुंतर में 15 डिग्री, सोलन में 16.5 डिग्री, सुंदरनगर में 17.6 डिग्री, ऊना और धर्मशाला में 18.2 डिग्री, मंडी में 18.3 डिग्री, नाहन में 18.8 डिग्री, शिमला और पालमपुर में 19 डिग्री, कांगड़ा में 20.3 डिग्री, बिलासपुर में 20.5 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 21 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 22 डिग्री और पांवटा साहिब में 25 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। शिमला और मनाली जैसे हिल स्टेशनों में भी रातें सामान्य से करीब 6 डिग्री ज्यादा गर्म रिकॉर्ड की गई हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिमाचल में एंट्री टैक्स में इजाफे का फैसला पलटना पड़ा, भारी विरोध के बाद ऐलान

बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की गतिविधि हो सकती है, लेकिन 26 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 27 अप्रैल को फिर से कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, 28, 29 और 30 अप्रैल को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इन तीन दिनों में कई जगहों पर बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिमाचल प्रदेश में गर्मी का कहर, पारा 41 डिग्री पार; शनिवार से बदल जाएगा मौसम

अप्रैल के आखिरी दिनों में मौसम बदलेगा

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अप्रैल के आखिरी दिनों में मौसम बदलेगा और इससे तापमान में गिरावट आएगी। बारिश और आंधी के चलते लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल, आज और कल के लिए जारी हीट वेव अलर्ट के बीच लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।