Municipal Corporation elections: BJP wins Dharamshala, Congress wins majority in Palampur धर्मशाला में भाजपा का कब्जा, पालमपुर में कांग्रेस को बहुमत, नगर निगम चुनावों में दो अलग तस्वीरें, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

धर्मशाला में भाजपा का कब्जा, पालमपुर में कांग्रेस को बहुमत, नगर निगम चुनावों में दो अलग तस्वीरें

धर्मशाला नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी ने 17 में से 11 वार्ड जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि पालमपुर नगर निगम में कांग्रेस ने 15 में से 8 वार्ड जीतकर बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है।

Sun, 31 May 2026 02:31 PMRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share
धर्मशाला में भाजपा का कब्जा, पालमपुर में कांग्रेस को बहुमत, नगर निगम चुनावों में दो अलग तस्वीरें

हिमाचल प्रदेश के नगर निगम चुनावों में कांगड़ा जिला के धर्मशाला और पालमपुर से दो अलग-अलग राजनीतिक संदेश सामने आए हैं। धर्मशाला नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी ने 17 में से 11 वार्ड जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि पालमपुर नगर निगम में कांग्रेस ने 15 में से 8 वार्ड जीतकर बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। दोनों नगर निगमों के नतीजों ने भाजपा और कांग्रेस को अपने-अपने गढ़ों में बड़ी राजनीतिक सफलता दिलाई है।

धर्मशाला नगर निगम के सभी 17 वार्डों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। इनमें भाजपा ने 11 सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा के विजयी उम्मीदवारों में रेखा देवी, शमशेर नेहरिया, आशा देवी, करिश्मा छेत्री, आशु, प्रेरणा गुलेरिया, मीना, हर्ष, प्रवीण, अनुपम और विशाल शामिल हैं।

कांग्रेस को पांच वार्डों में सफलता मिली है। पार्टी के विजयी उम्मीदवारों में नीनू शर्मा, शैलजा, सुदेश शास्त्री, अनुराग और अनोज शामिल हैं। वहीं वार्ड नंबर नौ से निर्दलीय उम्मीदवार नरेश कुमार ने जीत दर्ज की है। इस तरह 17 सदस्यीय सदन में भाजपा 11 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत में पहुंच गई है।

धर्मशाला के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता और धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने इसे पार्टी की "प्रचंड जीत" बताया है। उन्होंने कहा कि 17 में से 11 सीटों पर भाजपा की जीत और कांग्रेस का पांच सीटों पर सिमटना इस बात का प्रमाण है कि जनता ने भाजपा के पक्ष में जनादेश दिया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जिस बेटी की हत्या के आरोप में बाप-भाई गए जेल, वो जिंदा लौट आई; MP में गजब हो गया

सुधीर शर्मा ने कहा कि यह परिणाम प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता के आक्रोश और भाजपा के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है, जिसका असर चुनाव परिणामों में दिखाई दिया है।

उन्होंने कहा कि धर्मशाला की जनता ने विकास, सुशासन और जनहित की राजनीति पर भरोसा जताया है। उनके अनुसार यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल, जनकल्याणकारी योजनाओं और मजबूत नेतृत्व पर जनता की मुहर है। उन्होंने विजयी उम्मीदवारों, पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा धर्मशाला के विकास को नई गति देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पुराना रोग फिर सामने आया, सीएम रेखा ने राहुल गांधी की कौन सी कमी याद दिलाई?

उधर पालमपुर नगर निगम में कांग्रेस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। नगर निगम के 15 वार्डों में से अब तक 9 वार्डों के नतीजे घोषित हुए हैं, जिनमें कांग्रेस ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को एक सीट मिली है। बहुमत के लिए आवश्यक आंकड़ा आठ सीटों का था, जिसे कांग्रेस ने हासिल कर लिया है।

पालमपुर में कांग्रेस के विजयी उम्मीदवारों में इंद्र पाल, राधा सूद, रणजीत कौर, शैलजा चौहान, रविंदर कुमार, कविता मिन्हास, सविता राठौर और रितेश ठाकुर शामिल हैं। वहीं वार्ड नंबर नौ से भाजपा उम्मीदवार मीनू ने जीत दर्ज की है।

नगर निगम चुनावों के इन नतीजों ने हिमाचल की राजनीति में दिलचस्प संतुलन पैदा किया है। धर्मशाला में भाजपा ने बहुमत के साथ नगर निगम पर कब्ज़ा जमाया है, जबकि पालमपुर में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। ऐसे में दोनों दल इन नतीजों को अपने-अपने पक्ष में राजनीतिक संदेश के तौर पर पेश कर रहे हैं।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।