himachal pradesh weather orange alert for hailstorms and thunderstorms for two days हिमाचल में अप्रैल में जून जैसी तपिश; 42°C तापमान, 2 दिन ओलावृष्टि-आंधी का ऑरेंज अलर्ट, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

हिमाचल में अप्रैल में जून जैसी तपिश; 42°C तापमान, 2 दिन ओलावृष्टि-आंधी का ऑरेंज अलर्ट

Himachal Pradesh Mausam: हिमाचल प्रदेश में अप्रैल में ही जून जैसी भीषण गर्मी पड़ रही है। ऊना में पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। 

Mon, 27 April 2026 07:38 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share
हिमाचल में अप्रैल में जून जैसी तपिश; 42°C तापमान, 2 दिन ओलावृष्टि-आंधी का ऑरेंज अलर्ट

Himachal Pradesh Weather Forecast: हिमाचल प्रदेश में इस साल अप्रैल के आखिरी दिनों में ही गर्मी ने जून जैसी तीव्रता दिखानी शुरू कर दी है। निचले और मैदानी इलाकों में लू जैसी स्थिति बन गई है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर चला गया है। राज्य के ऊना में सोमवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री ज्यादा बना हुआ है। इससे दिन के साथ-साथ रातें भी असामान्य रूप से गर्म हो गई हैं।

कहां कितना तापमान?

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सुंदरनगर और नाहन में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री, कांगड़ा में 36.7 डिग्री, मंडी और बरठीं में 36 डिग्री, भुंतर में 34.4 डिग्री दर्ज किया गया। पहाड़ी इलाकों में भी गर्मी का असर साफ दिख रहा है।

जनजातीय क्षेत्रों में भी बढ़ा तापमान

शिमला में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री और मनाली में 27.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से लगभग 4 डिग्री ज्यादा है। जनजातीय क्षेत्रों में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जहां कल्पा में 23.9 डिग्री और ताबो में 21.6 डिग्री अधिकतम तापमान रहा।

नहीं मिल पा रही राहत

दिन के साथ रातों में भी गर्मी बढ़ी है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही। न्यूनतम तापमान के आंकड़े बताते हैं कि पांवटा साहिब और देहरा गोपीपुर में रात का तापमान 22 डिग्री तक पहुंच गया। इसके बाद ऊना में 18.6 डिग्री, धर्मशाला में 18.5, कांगड़ा में 17.9, शिमला और नाहन में 16.8, मंडी में 16.6, पालमपुर में 16.5, सुंदरनगर में 15.5, सोलन में 13.8, भुंतर में 12.1, सराहन में 11.9, सेओबाग में 10.7, मनाली में 10.3, कल्पा में 8.6, ताबो में 6.9 और कुकुमसेरी में 6.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

गर्मी का असर बरकरार

इन आंकड़ों से साफ है कि रात के तापमान में गिरावट नहीं हो रही है और गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। हालांकि राहत की उम्मीद अब मौसम के बदलते रुख से जुड़ी है।

कई जिलों में खराब मौसम का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 28 और 29 अप्रैल के लिए कई जिलों में खराब मौसम का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 28 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का ओरेंज अलर्ट है, जबकि ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

29 अप्रैल को कहां ऑरेंज और कहां येलो अलर्ट?

29 अप्रैल को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, सोलन और सिरमौर में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:IMD की चेतावनी: उत्तराखंड में इन 5 जिलों में बारिश की संभावना, येलो-ऑरेंज अलर्ट

2 मई तक कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग का कहना है कि इन दिनों एक सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण मौसम में अचानक बदलाव आएगा। 30 अप्रैल को भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं का येलो अलर्ट रहेगा। इसके बाद 1 और 2 मई को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 3 मई को फिर से कुछ इलाकों में आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिमाचल में 5 जिलों में आज हीट वेव का अलर्ट, 24 घंटे में आंधी-ओलावृष्टि का ऑरेंज

भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद

मौसम में इस बदलाव से जहां आम लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है। निचले इलाकों में गेहूं की कटाई का काम चल रहा है और ओलावृष्टि से फसल को नुकसान पहुंच सकता है। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेब के बागानों में इस समय फूल आ रहे हैं, जिन पर ओलावृष्टि का सीधा असर पड़ सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम राहत भी देगा और नई चुनौतियां भी लेकर आ सकता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सावधान! गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की आशंका, इन राज्यों में IMD का अलर्ट

रिपोर्ट- यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।