himachal pradesh rajya sabha seat election bjp vs congress आनंद शर्मा या प्रतिभा सिंह… हिमाचल में इस बार किसे मौका देगी कांग्रेस, पिछली बार हो गया था खेल, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

आनंद शर्मा या प्रतिभा सिंह… हिमाचल में इस बार किसे मौका देगी कांग्रेस, पिछली बार हो गया था खेल

हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। कांग्रेस ने तय किया है कि उसका अधिकृत उम्मीदवार 5 मार्च को नामांकन दाखिल करेगा। उसी दिन नामांकन की अंतिम तारीख भी है।

Tue, 3 March 2026 02:03 PMSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share
आनंद शर्मा या प्रतिभा सिंह… हिमाचल में इस बार किसे मौका देगी कांग्रेस, पिछली बार हो गया था खेल

हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। कांग्रेस ने तय किया है कि उसका अधिकृत उम्मीदवार 5 मार्च को नामांकन दाखिल करेगा। उसी दिन नामांकन की अंतिम तारीख भी है। इसलिए पार्टी के भीतर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कांग्रेस उम्मीदवार को लेकर दिल्ली में मंथन चल रहा है और आज शाम तक ऐलान हो सकता है।

नामांकन से पहले कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक 5 मार्च को सुबह 11 बजे बुलाई गई है। यह बैठक हिमाचल प्रदेश विधानसभा के रूलिंग लाउंज, शिमला में होगी। कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि बैठक मुख्यमंत्री के निर्देश पर तय की गई है और सभी सीएलपी सदस्यों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा गया है। इस बैठक में राज्यसभा सीट के लिए पार्टी की रणनीति और उम्मीदवार के नामांकन से जुड़े पहलुओं पर अंतिम सहमति बनने की उम्मीद है।

इन नामों पर चल रही चर्चा

दिल्ली में पार्टी नेतृत्व स्तर पर उम्मीदवार चयन को लेकर लगातार मंथन चल रहा है। जिन नामों पर चर्चा बताई जा रही है उनमें आनंद शर्मा, धनी राम शांडिल, रजनी पाटिल, प्रतिभा सिंह और गोकुल बुटेल शामिल हैं। इसके अलावा कांग्रेस हिमाचल से कोई चौंकाने वाला उम्मीदवार भी घोषित कर सकती है। पार्टी इस बार पिछले अनुभवों को देखते हुए बेहद सतर्क नजर आ रही है और संगठनात्मक एकजुटता के साथ स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखकर फैसला लेने की तैयारी है।

इस बार क्या है संख्याबल

बता दें कि हिमाचल प्रदेश की इस एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए मतदान 16 मार्च को प्रस्तावित है। 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 40 विधायक हैं, जबकि भाजपा के पास 28 विधायक हैं। संख्या बल के हिसाब से कांग्रेस की स्थिति मजबूत मानी जा रही है, लेकिन पिछली बार के घटनाक्रम ने पार्टी को सतर्क रहने के लिए मजबूर किया है।

जब हो गया था खेला

दरअसल, 2024 के राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस को अप्रत्याशित हार झेलनी पड़ी थी। उस समय पार्टी ने अभिषेक मनु सिंघवी को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन बहुमत होने के बावजूद परिणाम उसके खिलाफ गया और भाजपा के हर्ष महाजन जीत गए थे। उस चुनाव में कांग्रेस के छह और तीन निर्दलीय विधायकों ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया था। इस घटनाक्रम ने कांग्रेस नेतृत्व को झटका दिया था और अब पार्टी इस बार किसी भी तरह की चूक से बचना चाहती है।

भाजपा भी उतार सकती है उम्मीदवार

राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद भाजपा भी अपना उम्मीदवार मैदान में उतार सकती है। हालांकि भाजपा ने अभी आधिकारिक तौर पर अपने पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन पार्टी रणनीतिक रूप से स्थिति पर नजर बनाए हुए है। ऐसे में मुकाबला औपचारिक हो या रोचक, यह काफी हद तक कांग्रेस के उम्मीदवार की घोषणा के बाद साफ होगा। हिमाचल से राज्यसभा सदस्य इंदु गोस्वामी का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है। इसके कारण यह चुनाव कराया जा रहा है।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:RS में कांग्रेस के LoP पद पर तलवार! ठाकरे से की पीछे हटने की गुहार; 1 सीट पर रार
ये भी पढ़ें:निशांत की राजनीति में एंट्री पर संजय झा ने कही बड़ी बात, राज्यसभा भेजने की चर्चा
ये भी पढ़ें:निशांत कुमार का राज्यसभा जाना तय, रामनाथ ठाकुर की जगह बनेंगे सांसद- सूत्र

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।