himachal pradesh panchayat election third phase voting live update हिमाचल की 1189 पंचायतों में आज आखिरी चरण का मतदान; 100 पार बुजुर्ग ने परिवार की 4 पीढ़ियों संग डाला वोट, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

हिमाचल की 1189 पंचायतों में आज आखिरी चरण का मतदान; 100 पार बुजुर्ग ने परिवार की 4 पीढ़ियों संग डाला वोट

Himachal Pradesh Panchayat Election: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों के तीसरे और अंतिम चरण के लिए शनिवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। 1,189 ग्राम पंचायतों में 15 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। मतदान दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगा।

Sat, 30 May 2026 10:43 AMPraveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share
हिमाचल की 1189 पंचायतों में आज आखिरी चरण का मतदान; 100 पार बुजुर्ग ने परिवार की 4 पीढ़ियों संग डाला वोट

हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के मतदान के साथ शनिवार सुबह गांवों का लोकतंत्र एक बार फिर उत्सव में बदल गया। पहाड़ों पर सुबह से बरसते बादलों और कई इलाकों में हो रही बारिश के बावजूद मतदाताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। मतदान शुरू होने के महज दो घंटे के भीतर सुबह 9 बजे तक प्रदेश की 1189 ग्राम पंचायतों में औसतन करीब 20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

शिमला, सोलन व कुल्लू सहित कई जिलों में सुबह से बादल बरसते रहे, लेकिन गांवों के लोग छाता और बरसाती लेकर मतदान केंद्रों तक पहुंचते नजर आए। बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं की लंबी कतारों ने यह संकेत दे दिया कि खराब मौसम भी ग्रामीण मतदाताओं के लोकतांत्रिक उत्साह को नहीं रोक पाया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिमाचल की पंचायतों में युवाओं का जलवा, 22 से 25 साल के प्रधान बदलेंगे तस्वीर

सुबह नौ बजे तक 24 प्रतिशत मतदान

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार सुबह नौ बजे तक सबसे अधिक 24 प्रतिशत मतदान सिरमौर जिले में दर्ज किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में 19.57 प्रतिशत, चम्बा में 19.11 प्रतिशत, हमीरपुर में 19.85 प्रतिशत, कांगड़ा में 18.31 प्रतिशत, किन्नौर में 20.33 प्रतिशत, कुल्लू में 20.55 प्रतिशत, लाहौल-स्पीति में 17.35 प्रतिशत, मंडी में 18.04 प्रतिशत, शिमला में 20.25 प्रतिशत, सोलन में 19.89 प्रतिशत और ऊना में 19.76 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया।

3 बजे तक चलेगी वोटिंग

1,189 ग्राम पंचायतों में 15 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगा। मतदान समाप्त होने के बाद आज देर शाम से प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के नतीजे घोषित किए जाएंगे। वहीं पंचायत समिति (बीडीसी) और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव परिणाम रविवार को घोषित होंगे।

परिवार की चार पीढ़ियों ने एक साथ किया मतदान

इस बीच शिमला जिले की ग्राम पंचायत खड़ाहण से लोकतंत्र की एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने सभी का ध्यान खींचा। यहां वार्ड नंबर-3 में एक ही परिवार की चार पीढ़ियां एक साथ मतदान करने पहुंचीं। परिवार के सबसे वरिष्ठ सदस्य 101 वर्षीय पदम दास ने मतदान किया। उनके साथ 76 वर्षीय केवल राम, 47 वर्षीय महेंद्र सिंह और 24 वर्षीय दीपक मेहता ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एक ही परिवार की चार पीढ़ियों का मतदान केंद्र तक पहुंचना ग्रामीण लोकतंत्र की जीवंतता और लोकतांत्रिक परंपरा का प्रतीक बन गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिमाचल पंचायत चुनाव में 96 वर्षीय बुजुर्ग का कमाल, बने उपप्रधान;बहू बनीं प्रधान

3754 ग्राम पंचायतों में चुनावी प्रक्रिया आज होगी पूरी

प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए जा रहे हैं और शनिवार को अंतिम चरण का मतदान हो रहा है। इसके साथ ही हिमाचल की सभी 3754 ग्राम पंचायतों में चुनावी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। गांवों को अगले पांच वर्षों के लिए अपनी नई सरकार मिल जाएगी, जो स्थानीय विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े फैसलों की दिशा तय करेगी।

पुलिस फोर्स तैनात

राज्य निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन ने संवेदनशील तथा अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। मतदान प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सकें।

पहले दो चरणों में हुई बंपर वोटिंग

पहले दो चरणों में भी मतदाताओं ने रिकॉर्ड उत्साह दिखाया था। पहले चरण में लगभग 79 प्रतिशत और दूसरे चरण में करीब 80 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। ऐसे में निर्वाचन अधिकारियों को उम्मीद है कि मौसम की बाधाओं के बावजूद तीसरे चरण में भी मतदान प्रतिशत उल्लेखनीय रहेगा।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिमाचल की पंचायतों में युवाओं का जलवा, 22 से 25 साल के प्रधान बदलेंगे तस्वीर

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।