delhi and himachal police face off over arrest of youth congress workers from rohru AI समिट हंगामे के 3 आरोपी रोहडू से दबोचे; हिमाचल और दिल्ली पुलिस आमने-सामने, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

AI समिट हंगामे के 3 आरोपी रोहडू से दबोचे; हिमाचल और दिल्ली पुलिस आमने-सामने

दिल्ली पुलिस ने शिमला के रोहड़ू से यूथ कांग्रेस के 3 पदाधिकारियों को पकड़ लिया जिसके बाद हिमाचल पुलिस के साथ उसका गतिरोध देखा गया। हिमाचल पुलिस की दखल के बाद आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया। 

Wed, 25 Feb 2026 08:47 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share
AI समिट हंगामे के 3 आरोपी रोहडू से दबोचे; हिमाचल और दिल्ली पुलिस आमने-सामने

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र से तीन यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों की गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली पुलिस और हिमाचल पुलिस के बीच बुधवार को बड़ा गतिरोध देखा गया। हिमाचल पुलिस ने दिल्ली पुलिस को आरोपियों को ले जाने से रोक दिया। फिर आरोपियों की शिमला की एक अदालत में पेशी हुई। इसके बाद आरोपियों को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया गया। फिर दिल्ली पुलिस की टीम पकड़े गए तीनों आरोपियों को अपने साथ लेकर रवाना हो गई। पूरे दिन हिमाचल पुलिस और दिल्ली पुलिस के बीच गतिरोध की चर्चा सुर्खियों में रही।

दिल्ली पुलिस ने दबोचे थे तीन आरोपी कार्यकर्ता

प्राप्त जानकारी अनुसार, दिल्ली पुलिस की एक टीम बुधवार को तड़के करीब 5 बजे रोहडू उपमंडल केचिड़गांव क्षेत्र के एक निजी रिसोर्ट पहुंची। टीम ने रिसोर्ट में दबिश देकर यूथ कांग्रेस के 3 कार्यकर्ताओं को पकड़ लिया। आरोप है कि ये तीनों दिल्ली में एआई समिट के दौरान हुए शर्टलेस प्रदर्शन में शामिल थे। बताया जाता है कि ये हिमाचल प्रदेश के स्थानीय निवासी नहीं हैं। ये आरोपी बाहर से आकर हिमाचल प्रदेश में ठहरे थे।

दिल्ली पुलिस को ले जाने से रोका

आरोपी दिल्ली पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे। दिल्ली पुलिस ने इन तीनों को रोहडू से अरेस्ट कर लिया था और अपने साथ लेकर जाने लगी थी। दिल्ली पुलिस आरोपियों को ले जा रही थी इसी दौरान सोलन जिले के धर्मपुर क्षेत्र में हिमाचल पुलिस ने नाका लगाकर शिमला की ओर से आने वाले वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान हिमाचल की सोलन पुलिस ने दिल्ली पुलिस की टीम को रोक लिया।

हिमाचल पुलिस साथ ले गई

हिमाचल पुलिस का कहना था कि दिल्ली पुलिस की टीम ने गिरफ्तारी से पहले हिमाचल पुलिस को औपचारिक सूचना नहीं दी। हिमाचल पुलिस ने इसे प्रक्रिया का उल्लंघन माना। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने दिल्ली पुलिस को कार्रवाई से रोकते हुए पकड़े गए तीनों युवकों को अपने साथ ले गई। साथ में दिल्ली पुलिस की टीम भी मौजूद रही।

कोर्ट पहुंचा मामला

हिरासत में लिए गए तीनों यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शिमला की जिला अदालत में एसीजेएम कोर्ट नंबर-2 में पेश किया गया, जहां दिल्ली पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। अदालत में बालूगंज थाने के प्रभारी की ओर से दिल्ली पुलिस के खिलाफ एक निजी शिकायत माननीय ACJM न्यायालय में प्रस्तुत की गई। अदालत ने उक्त आवेदन को अगले दिन विचार करने के लिए निर्धारित किया।

आरोपियों को लेकर रवाना हुई दिल्ली पुलिस

इसके बाद तीनों युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया गया। लगभग शाम 7:20 बजे दिल्ली पुलिस ने न्यायालय परिसर से तीनों युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपने वाहन में बैठाया और शिमला-कालका हाईवे की ओर प्रस्थान किया। लगभग 10 मिनट बाद जिला पुलिस की तीन-चार गाड़ियां भी न्यायालय परिसर से उनके पीछे रवाना हुईं। सूत्रों का कहना है कि आरोपी शिमला के रोहड़ू इलाके में एक होटल में छिपकर रह रहे थे। पूर्व में दिल्ली में भी हिमाचल सदन में आधी रात को दिल्ली पुलिस की रेड के मसले पर विवाद देखा जा चुका है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:AI समिट प्रदर्शन केस: यूथ कांग्रेस चीफ उदय भानु 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजे
ये भी पढ़ें:यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु गिरफ्तार, AI समिट में कराया था शर्टलेस प्रदर्शन
ये भी पढ़ें:AI समिट प्रदर्शन: दिल्ली पुलिस की 5वीं गिरफ्तारी, ग्वालियर से अबतक तीन गिरफ्तार

रिपोर्ट- यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।