bjp lost election in kangana ranaut home ward कंगना रनौत के घर में हार गई भाजपा, बगावत की वजह से लगा बड़ा झटका, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

कंगना रनौत के घर में हार गई भाजपा, बगावत की वजह से लगा बड़ा झटका

हिमाचल प्रदेश के पंचायत चुनावों में भाजपा को एक बड़ा झटका लगा है। पार्टी सांसद कंगना रनौत के गृह वार्ड में हार गई। हालांकि, कांग्रेस भी जीत नहीं सकी। बाजी भाजपा की बागी नेता के हाथ लगी।

Mon, 1 June 2026 11:03 AMSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share
कंगना रनौत के घर में हार गई भाजपा, बगावत की वजह से लगा बड़ा झटका

हिमाचल प्रदेश के पंचायत चुनावों में मंडी जिले के भांबला जिला परिषद वार्ड का नतीजा सबसे चर्चित परिणामों में शामिल हो गया है। मंडी से भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के गृह क्षेत्र भांबला में भाजपा को बड़ा झटका लगा है, हालांकि, खुशी कांग्रेस को भी नहीं मिली। यहां भाजपा की बागी उम्मीदवार अभिलाषा ठाकुर ने जीत दर्ज करते हुए भाजपा और कांग्रेस दोनों के आधिकारिक समर्थित प्रत्याशियों को पीछे छोड़ दिया है।

इस जीत को इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि चुनाव प्रचार के दौरान महज एक सप्ताह पहले अभिलाषा ठाकुर पर जानलेवा हमला हुआ था। उस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया था। अब उसी उम्मीदवार ने चुनाव जीतकर राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है। दरअसल, भांबला वार्ड से चुनाव लड़ रहीं अभिलाषा ठाकुर पर मतदान से कुछ दिन पहले खुडला गांव के पास हमला हुआ था। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने उन पर चाकू से वार करने की कोशिश की और पत्थरबाजी भी की। इस हमले में उनके सिर पर चोट लगी थी और उनकी कार को भी नुकसान पहुंचा था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जहां कांग्रेस की सरकार वहां भी 4 में से 3 शहर गई हार, भाजपा ने दिया जोर का झटका

अभिलाषा ठाकुर चुनाव प्रचार से लौट रही थीं। इसी दौरान वह रास्ते में रुकीं तो उन पर हमला कर दिया गया। घायल होने के बाद उन्हें उपचार के लिए बलद्वाड़ा अस्पताल ले जाया गया था। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अभिलाषा ठाकुर के परिवार ने इसे जानलेवा हमला बताया था। पुलिस अब भी मामले की जांच कर रही है।उस समय इस घटना ने पूरे भांबला वार्ड में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी थी। चुनाव से ठीक पहले हुए हमले को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं भी हुई थीं।

भाजपा और कांग्रेस दोनों को पीछे छोड़ा

अब आए चुनाव नतीजों में अभिलाषा ठाकुर ने 6,142 वोट हासिल कर जीत दर्ज की है। भाजपा उम्मीदवार कल्पना देवी को 4,900 वोट मिले और वह दूसरे स्थान पर रहीं। कांग्रेस प्रत्याशी राज कुमारी को 3,560 मत मिले। वहीं रिंकू को 2,145 वोट प्राप्त हुए। भांबला वार्ड में कुल 16,747 वैध मत पड़े। 245 मत अस्वीकृत हुए जबकि 145 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। मतगणना सरकाघाट स्थित राजकीय महाविद्यालय में करवाई गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिमाचल नगर निगम चुनाव या 2027 का सेमीफाइनल; कांगड़ा, धर्मशाला के नतीजों के मायने

कंगना रनौत का घर है यहां

भांबला वार्ड मंडी संसदीय क्षेत्र के तहत आता है और सांसद कंगना रनौत का गृह क्षेत्र है। ऐसे में इस वार्ड के नतीजों पर राजनीतिक दलों की खास नजर थी। भाजपा के लिए यह सीट प्रतिष्ठा से भी जुड़ी मानी जा रही थी, लेकिन पार्टी की आधिकारिक उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा। दिलचस्प बात यह रही कि भाजपा की बागी उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहीं अभिलाषा ठाकुर ने न केवल भाजपा प्रत्याशी को पीछे छोड़ा बल्कि कांग्रेस उम्मीदवार को भी मुकाबले से बाहर कर दिया। इस तरह भांबला वार्ड का परिणाम पंचायत चुनावों के सबसे रोचक नतीजों में शामिल हो गया है।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ऐश्वर्या को ट्रोल करने वालों की कंगना ने लगा दी क्लास, बोलीं; 'उम्रदराज औरतों…'

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।